10 लाख के इनामी टीएसपीसी के शशिकांत दस्ता से पुलिस की मुठभेड़, दो जवानों के बलिदान पर मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में बुधवार रात 10 लाख के इनामी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) कमांडर शशिकांत के दस्ते के साथ पुलिस की भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें जिला पुलिस बल के दो जवान संतन मेहता और सुनील राम बलिदान हो गए, जबकि एक जवान रोहित कुमार जख्मी हैं। गुरुवार तड़के सुबह 2 बजे घायल जवान को एमआरएमसीएच लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पलामू की पुलिस कप्तान रिष्मा रमेशन लगातार हालात पर नजर रखी हुई हैं। रात 2 बजे ही वे अस्पताल पहुंची हैं और घायल जवान के इलाज की हर बारीकी की जानकारी ली। मुठभेड़ स्थल पर पुलिस सर्च अभियान चला रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पलामू में पुलिस बल और उग्रवादी संगठन के बीच मुठभेड़ में दो जवानों के बलिदान (शहीद) होने पर शोक जताया है।

कुछ नक्सलियों के घायल और मारे जाने की सूचना : एसपी के अनुसार बुधवार शाम सूचना मिली कि 10 लाख के इनामी टीएसपीसी के शशिकांत का दस्ता मनातू थाना के केदल गांव में मौजूद हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर एएसपी अभियान राकेश कुमार और हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में ऑपरेशन लॉन्च किया गया। सर्च अभियान चलाते हुए पुलिस बढ़ रही थी। इसी क्रम में रात साढ़े 12 बजे पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान बलिदान हो गए और एक जवान घायल हो गए। कुछ नक्सलियों के घायल और मारे जाने की सूचना है, लेकिन अभी उनके शव नहीं मिल पाये हैं। इलाके की घेराबंदी करके सर्च अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पलामू में पुलिस बल और उग्रवादी संगठन के बीच मुठभेड़ में दो जवानों के बलिदान (शहीद) होने पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर गुरुवार को कहा कि पलामू के मनातू क्षेत्र अंतर्गत केदल जंगल में विशेष ऑपरेशन अभियान के दौरान पुलिस के दो जवान संतन मेहता और सुनील राम का शहीद (बलिदान) होना अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु दिवगंत वीर शहीदों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। अभियान में घायल एक अन्य जवान को चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जा रहा है। घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पलामू में पुलिस बल और उग्रवादी संगठन के बीच भीषण मुठभेड़ में दो जवानों, संतन कुमार और सुनील राम के बलिदान होने की सूचना प्राप्त हुई। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। समाज में शांति स्थापित करने के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों का हम सब सदैव कृतज्ञ रहेंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें।

Spread the love