Eksandeshlive Desk
पलामू: होली के दिन रात्रि 05 मार्च को सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुआ, निराला टोला में शराब के नशे में दो युवकों द्वारा दुकानदार से सिगरेट नहीं मिलने पर दुकान में आग लगाने का मामला सामने आया। इस घटना में दुकान में रखा शादी का सामान सहित लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। इस संबंध में वादी राजेश कुमार गुप्ता, पिता- बिरेंद्र साव, ग्राम- सुआ, निराला टोला, थाना- सदर, जिला- पलामू के आवेदन के आधार पर सदर थाना कांड संख्या- 23/2026 के तहत धारा 351(2)/326(g)/109/3(5) बीएनएस के अंतर्गत दो नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा कांड अनुसंधान के क्रम में प्राथमिक अभियुक्त ओमप्रकाश कुमार सिंह (उम्र करीब 18 वर्ष), पिता- टुनटुन सिंह, ग्राम- सुआ, निराला टोला, थाना- सदर, जिला- पलामू को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग बालक को निरुद्ध किया गया है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार किया है। निरुद्ध नाबालिग बालक को बाल सुधार गृह भेजा गया, वहीं गिरफ्तार अभियुक्त ओमप्रकाश कुमार सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
