हजारीबाग : पुलिस केंद्र हजारीबाग में 20वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का आयोजन आज 11 नवंबर से 13 नवंबर तक किया जाएगा। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन 11 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) सुनील भास्कर द्वारा किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अंजनी अंजन ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के विभिन्न जिलों के पुलिसकर्मी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बीच कई प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य पुलिस बल के बीच शारीरिक दक्षता, टीम भावना और आपसी सौहार्द बढ़ाना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। उद्घाटन समारोह में जिले के कई वरीय अधिकारी एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
