रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता के चौथे दिन खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बना दिया. खेलगांव स्थित टिकैत उमराव शूटिंग स्टेडियम (रेंज–3) में 60 मीटर रिकर्व एवं कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धाओं का सफल आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से आए प्रतिभाशाली तीरंदाजों ने उच्च स्तरीय खेल कौशल का परिचय दिया. दिनभर चले मुकाबलों में 33 राज्यों और इकाइयों से आए खिलाड़ियों ने सटीक निशानेबाजी, अद्भुत एकाग्रता और रणनीतिक समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. निर्णायक क्षणों में खिलाड़ियों की सूझबूझ और धैर्य ने मुकाबलों को बेहद रोमांचक बना दिया. स्टेडियम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और दर्शकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी से पूरा खेल परिसर खेल भावना से सराबोर नजर आया. 60 मीटर रिकर्व तीरंदाजी (बालक वर्ग) में दिल्ली के रुद्र कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि बिहार के समर्थ कुमार को रजत और दयानेश बालाजी चेराले को कांस्य पदक मिला. वहीं बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की शिंदे प्रगति भागवत ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. हरियाणा की श्रेय दहिया ने रजत और जन्नत ने कांस्य पदक हासिल किया. कंपाउंड तीरंदाजी (बालक वर्ग) में राजस्थान के आर्यन पारीक स्वर्ण पदक विजेता बने. पंजाब के अंश को रजत, जबकि आंध्र प्रदेश के मग्गापु सुहास को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा. बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश की निष्ठा गुप्ता ने स्वर्ण पदक जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया. सीबीएसई की बिरावली जोशिता को रजत और गुजरात की चेतना साखर राबरी को कांस्य पदक मिला. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता स्पष्ट रूप से देखने को मिली. आयोजन समिति और तकनीकी अधिकारियों द्वारा प्रतियोगिता के सफल संचालन की सराहना की गई.
