झामुमो ने भाजपा सांसद के बयान के खिलाफ निकाला विरोध मार्च

360° Ek Sandesh Live Politics

by sunil

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची महानगर ने मंगलवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से उपायुक्त कार्यालय तक एक दिवसीय विरोध मार्च सह प्रदर्शन किया। यह विरोध मार्च सह प्रदर्शन भाजपा सांसद निशिकांत दूबे के जरिये वर्तमान लोकसभा सत्र के दौरान झारखंड राज्य के अभिन्न अंग संथाल परगना प्रमंडल, बिहार एवं पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों को मिलाकर यूनियन टेरिटरी बनाने के सम्बन्ध में दिए गए बयान के विरोध में किया गया। मौके पर झामुमो रांची जिला अध्यक्ष मुस्ताक आलम ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के लिए आंदोलनकारियों ने पचासों साल की लड़ाई लड़ी है। कितने लोग शहीद हुए, तब जाकर झारखंड बना है। भाजपा सांसद के जरिये यूनियन टेरिटरी बनाने का बयान बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है, हमारे हृदय स्थली संथाल परगना को झारखंड से अलग करना चाहते है। ये इनकी झारखंड विरोधी मानसिकता को दशार्ता है। केवल राजनीति करने के लिए उनके ये बयान आ रहे हैं। भारत के बॉर्डर के अंदर चाइना आ रहा है, भाजपा के ही शासित राज्य असम बॉर्डर पर भी घुसपैठ हो रहा है। इसपर ये लोग चुप्पी साधे हुए हैं। इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य समनूर मंसूरी, रांची जिला उपाध्यक्ष बीरू तिर्की, अश्विनी शर्मा, जनक नायक, कलाम आजाद, रामानंद बेदिया, बीरू साहू, सचिव डॉ हेमलाल कु मेहता, संगठन सचिव आदिल इमाम, तालकेश्वर महतो, जिला प्रवक्ता अरविंदर सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित थे।