शहर में दो स्थानो पर असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया महापुरुषों के प्रतिमा

360° Crime Ek Sandesh Live

Bhaskar Upadhyay

हजारीबाग: शहर का माहौल खराब करने में असामाजिक तत्व बाज नहीं आ रहे हैं तथा शहर के चौक चौराहों पर स्थापित महान विभूतियों की प्रतिमा को तोड़ने से पीछे नहीं रह रहे हैं। शहर में गुरुवार की रात असमाजिक तत्वों ने केबी सहाय पार्क में पूर्व मुख्यमंत्री केबी सहाय और शहीद सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया जिससे उनके समर्थकों और राजनीतिक अनुयायियों में आक्रोश भड़क गया। सुबह जानकारी मिलते ही कांग्रेस, बीजेपी सहित आदिवासी समाज के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीओ बैद्यनाथ कामती, सदर सीओ कुमार मयंक भूषण, सदर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुभाष कुमार सिंह , बड़ा बाजार थाना प्रभारी बिट्टू रजक घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त प्रतिमा को मरम्मत कर फिर से स्थापित करने का आश्वासन दिया तब मामला थोड़ा ठंडा हुआ। सदर थाना प्रभारी सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बहुत जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जएगा। लेकिन लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को खरी खोटी सुनाते हुए मूर्तियां तोड़ने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की तथा यह भी कहा कि अगर जल्द कारवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन किया जाएगा‌।

सांसद मनीष जायसवाल ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि अविभाजित बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कृष्ण बल्लभ सहाय और शहीद सिद्धू कान्हू की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों के खंडित कर दिया गया है। इस कृत्य को न केवल एक ऐतिहासिक विरासत का अपमान है, बल्कि समाज के नैतिक मूल्यों पर भी एक प्रहार है। सांसद ने हजारीबाग जिला प्रशासन से इस घटना के पीछे छिपे दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

महापुरुषों की प्रतिमाओं का अपमान दुर्भाग्यपूर्ण: विधायक प्रदीप प्रसाद

हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि  यह घटना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है। यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक गौरव और सामाजिक सद्भाव पर सीधा प्रहार है। यह दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य हजारीबाग की परंपरागत शांति और भाईचारे को बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है। उन्होंने अंत में सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, और हजारीबाग की अस्मिता की रक्षा हर हाल में की जाएगी।

राजनीतिक दल के नेताओ ने जताई चिंता

कांग्रेस जिला अध्यक्ष शैलेंद्र यादव ने कहा कि यह सांस्कृतिक धरोहर पर हमला है। जिला प्रशासन ऐसे सामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कर्यवाही सुनिश्चित करें। भाजपा नेता भैया अभिमन्यु प्रसाद ने कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ इतनी कड़ी कार्रवाई की जाए की दोबारा कोई प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का हिम्मत नहीं करें। वहीँ हर्ष अजमेरा ने कहा कि इस घटना ने हर संवेदनशील मन को झकझोर कर रख दिया है। प्रतिमाओं को खंडित किया जाना न केवल हमारे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान है। जदयू नेता राकेश गुप्ता ने चिंता जताई एवं घोर निंदा की। उन्होंने संलिप्त दोषियों के ऊपर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग किया। कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने कहा कि के.बी. सहाय और सिद्धू-कान्हू जैसे महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं हैं, वे हमारे इतिहास की जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल पत्थर की प्रतिमाओं पर नहीं, बल्कि उस विचार और उस चेतना पर है।