झारखंड महिला उत्थान संस्था के द्वारा शोकसभा का आयोजन

360° Ek Sandesh Live

Eksandesh Desk

चुरचू/ चरही (हजारीबाग): झारखंड महिला उत्थान संस्था की ओर से प्रखंड के चुरचू लारा, कुसुमडीह में झारखंड निर्माण के महानायक, झारखंड आंदोलन के पुरोधा, आदिवासी अस्मिता के प्रतीक एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर शोकसभा का आयोजन किया गया। चुरचू पंचायत के पुराना भवन में आयोजित इस संक्षिप्त कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा सभी उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। संस्था की सचिव नीलम बेसरा सहित संस्था के सभी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किशोरी लड़कियाँ उपस्थित रहीं।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने दिशोम गुरु के संघर्षपूर्ण जीवन, आदिवासी अधिकारों के लिए उनके योगदान एवं झारखंड राज्य निर्माण में उनकी भूमिका को स्मरण किया। संस्था सचिव नीलम बेसरा ने अपने श्रद्धांजलि वक्तव्य में कहा की दिशोम गुरु का जाना केवल एक नेता का नहीं, एक युग का अंत है। उन्होंने जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए जिस संघर्ष की नींव रखी, वह हमारी प्रेरणा बना रहेगा। संस्था की ओर से फूलकुमारी तिग्गा, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अनिल बेसरा, नरेश मांझी, प्रेमा कुमारी, आशीष बेसरा, शालिनी बेसरा, विकास टुडू, साहिन प्रवीन, अर्चना मेहता, एवं रूपक कुमार आदि मौजूद थे ।