बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप: ध्रुव-तनिषा भारत के लिए पहला मिश्रित युगल पदक जीतने से चूके

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में ऐतिहासिक मिश्रित युगल पदक जीतने की कोशिश शुक्रवार को पेरिस में क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गई। इस स्पर्धा में देश के लिए पहला पदक जीतने की कोशिश में जुटी भारतीय जोड़ी को मलेशिया की दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी चेन तांग जी और तोह ई वेई से 37 मिनट में 15-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा। मलेशियाई जोड़ी ने सेमीफाइनल में जगह बनाते हुए कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया।

ध्रुव और तनिषा ने विश्व की 5वें नंबर की जोड़ी हांगकांग की तांग चुन मान और त्से यिंग सुएट को 19-21, 21-12, 21-15 से हराकर अंतिम-8 के मुकाबले में प्रवेश किया था। हालांकि, विश्व की 17वें नंबर की भारतीय जोड़ी, मलेशिया की दबदबे वाली जोड़ी के खिलाफ वही प्रदर्शन नहीं दोहरा सकी। बाद में पीवी सिंधु का सामना महिला एकल में इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी से होगा, जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक से भिड़ेगी।

Spread the love