Eksandeshlive Desk
दुमका : जिले का शिकारीपाड़ा थाना एक बार फिर चर्चा में है। दूधमुंही बच्ची के सामने नानी और नतिनी की हत्या कर दी गई। घटना शिकारीपाड़ा थाना के आमचूआ गांव में शुक्रवार देर रात घटी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर अनुसंधान में जुट गई है। फिलहाल पुलिस कुछ भी कहने से परहेज कर रही है। सूचना शिकारीपाड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विजय कुमार भी देर रात घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हुए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर कुछ भी कहने से परहेज कर रही है।
अज्ञात अपराधियों ने निर्मम हत्याकांड को दिया अंजाम : जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा थाना के आमचुआ गांव में 70 वर्षीय सोना बास्की नाम की महिला अपनी नतिनी सोना मुर्मू के साथ रहती थी। सोना मुर्मू की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व काठीकुंड के जलुवा डूबा निवासी राजू सोरेन के साथ हुई थी। सोना बास्की को कोई लड़का नहीं था। उसने बेटी और दामाद को घर जमाई बना कर रखा। बेटी को भी कोई लड़का नहीं है। वृद्धा सोना बास्की की नतिनी सोना मुर्मू की शादी होने के बाद नानी ने नतिनी और उसके पति राजू सोरेन को घर जमाई बनाकर रख लिया। शुक्रवार को वृद्धा सोना बास्की का बेटी-दामाद अपने किसी रिश्तेदार के घर गए थे, जबकि नतिनी सोना मुर्मू का पति राजू सोरेन फुटबॉल मैच देखने गया था। घर में नानी सोना बास्की, नतिनी सोना मुर्मू और सोना मुर्मू की 6 महीने की दूधमुंही बच्ची सोई हुई थी। इसी बीच अज्ञात अपराधियों ने नानी सोना बास्की और नतिनी सोना मुर्मू की हत्या कर दी। घटना के वक्त दूधमुंही बच्ची भी वही थी, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित है। शुक्रवार रात राजू सोरेन फुटबॉल मैच देखकर जब घर लौटा तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गया। खून से लथपथ उसकी पत्नी सोना मुर्मू और नानी सास सोना बास्की का शव पड़ा हुआ था। जघन्य हत्याकांड से अनजान दूधमुंही बच्ची रो रही थी। राजू सोरेन ने शोरगुल मचाया, लोगों की भीड़ इकट्ठा हुई।
महिला की हत्या, जांच में जुटी पुलिस : पश्चिमी सिंहभूम : जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के किमिरदा गांव के पास एक महिला का शव जंगल में पड़ा मिला है। मृतका के सिर को पत्थर से बुरी तरह चोट पहुंचाई गई है, जिससे उसका चेहरा पूरी तरह पहचान से बाहर हो गया है। बताया जाता है कि शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल में लकड़ी चुनने गए थे, तभी उन्होंने महिला के शव को देखा। इस पर उन्होंने तुरंत टोकलो थाना को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी परमेश्वर उरांव पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बरामद किया। मृतका साड़ी, ब्लाउज और चूड़ियां पहनी हुई थीं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि वह विवाहिता थी। महिला की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। थाना प्रभारी परमेश्वर उरांव ने बताया कि संभवतः महिला की हत्या कुछ दिन पहले हुई थी और शव को इसी जंगल में फेंका गया। उन्होंने कहा कि पुलिस मृतका की पहचान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है।
