Ranchi झारखंड पैरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अजय राय ने कहा है कि राज्य के विभिन्न निजी विद्यालयों में प्रारंभिक कक्षाओं (नर्सरी से कक्षा प्रथम तक) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही रजिस्ट्रेशन के नाम पर मोटी रकम वसूली का खेल शुरू हो गया है। यह न केवल शिक्षा के अधिकार अधिनियम की भावना के खिलाफ है, बल्कि अभिभावकों के साथ आर्थिक शोषण भी है। श्री राय ने कहा कि शिक्षा सेवा नहीं बल्कि व्यवसाय का माध्यम बनती जा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि ऐसे विद्यालयों पर सख्त निगरानी रखी जाए और रजिस्ट्रेशन शुल्क की एक सीमा तय की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड पैरेंट्स एसोसिएशन लगातार ऐसे मुद्दों को उठाता रहा है और यदि यह मनमानी नहीं रुकी तो संगठन राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। अजय राय ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बिना जांच-पड़ताल के किसी भी विद्यालय को मनमाना शुल्क न दें और किसी भी प्रकार की वसूली की शिकायत सीधे एसोसिएशन को दें ताकि सामूहिक रूप से कार्रवाई की जा सके।
