बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाना लापरवाही नहीं, बल्कि राज्य प्रायोजित हत्या का प्रयास है : बाबूलाल

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के सदर अस्पताल में बच्चों को ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस (एचआईवी) संक्रमित खून चढ़ाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। मरांडी ने रविवार को इसे लापरवाही नहीं, बल्कि राज्य संपोषित हत्या का प्रयास बताया है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सदर अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित पांच मासूम बच्चों को संक्रमित खून चढ़ाया गया और अब सभी बच्चे एचआईवी पॉज़िटिव पाए गए हैं। अगर इन बच्चों की भविष्य में मृत्य हो जाती है, तो यह सिर्फ़ लापरवाही नहीं, बल्कि राज्य प्रायोजित हत्या कहलायेगी। नेता प्रतिपक्ष ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हेमंत सोरेन जी, यह सवाल सिर्फ़ डॉक्टरों या तकनीशियनों पर नहीं है, बल्कि यह पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता और आपकी सरकार की संवेदनहीनता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। झारखंड को उसके सबसे अयोग्य और निष्क्रिय स्वास्थ्य मंत्री से मुक्त कीजिए और एक जिम्मेदार, संवेदनशील मंत्री दीजिए। उन्होंने कहा बच्चों की ज़िंदगी के साथ हुआ यह खिलवाड़ माफ़ी से नहीं, जवाबदेही से सुधरेगा।

Spread the love