पेंशनभोगियों को घर बैठे मिलेगी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की सुविधा : निदेशक

360°

Eksandeshlive Desk

पलामू : पेंशनकर्मियों के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। लाखों पेंशनकर्मियों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 4.0 की शुरुआत की गयी है। इस अभियान का मकसद सभी पेंशनर्स के लिए घर बैठे ही अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की सुविधा मुहैया कराना है। आम तौर पर पेंशनकर्मियों को पहले लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए लंबी लाइन में लगना होता था। इस सिलसिले में लोगों को जागरूक करने और सर्टिफिकेट जारी करने के लिए डालटनगंज के भारतीय स्टेट बैंक शाखा और मुख्य डाकघर में शुक्रवार को कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के पेंशन और पेंशनर कल्याण मंत्रालय के निदेशक राकेश कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए। मौके पर उनके अलावा भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम मनोज कुमार, भारतीय डाक विभाग, बैंक प्रतिनिधि, आधार केंद्र संचालक और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पेंशनर समाज की ओर से इस पहल की सराहना की गयी : कार्यक्रम के दौरान निदेशक राकेश कुमार ने एक लाभुक के घर जाकर बुजुर्ग पेंशनभोगी का ऑन स्पॉट डिजिटल प्रमाण पत्र जारी किया। मौके पर निदेशक राकेश ने कहा कि पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल प्रमाण पत्र जीवन प्रमाण एप के माध्यम से जारी किया जाता है। यह एक ऑनलाइन सेवा है जिसके लिए पेंशनरों को आधार-आधारित बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन की आवश्यकता होती है और यह घर बैठे या नजदीकी जन सेवा केंद्र, बैंक, डाकघर या विशेष शिविरों में जमा किया जा सकता है। इस सुविधा से पेंशनभोगियों को हर साल प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कार्यालयों में जाने की लंबी कतारों से मुक्ति मिलती है। इस वर्ष दो करोड़ से अधिक का लक्ष्य रखा गया है। उन्‍होंने बताया कि वे दो हजार से अधिक शहरों में जा रहे हैं और लोगों को जागरूक कर रहे हैं। पिछले साल 1.6 करोड का टारगेट पूरा किया गया था। एसबीआई के डीजीएम मनोज ने कहा कि 90 प्रतिशत पेंशनर भारतीय स्टेट बैंक से जुड़े हैं। सरकार की यह बेहतर पहल है। शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। सेवा का लाभ लेने के लिए पेंशनरों को प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए सभी शाखाओं में विशेष रूप से दिशा निर्देश दिया गया है। इस सेवा से अब जीवित होने का प्रमाण पत्र देने के लिए शाखाओं में आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पेंशनर समाज की ओर से इस पहल की सराहना की गयी। पेंशनर कल्याण समिति के जिला सचिव किशोरी शरण ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से सभी पेंशनर अहलादित हैं। अब पेंशनरों को घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा हो जाएगा। एप्प के माध्यम से आधार एवं मोबाइल नंबर जोड़कर इसका लाभ लिया जा सकता है। इस सेवा से उन पेंशनरों को काफी राहत मिलेगी, जो बैंक आने की स्थिति में नहीं रहते।

Spread the love