मुखिया से 48 घंटे के अंदर मांगा गया जवाब
News by Ajay Raj
प्रतापपुर(चतरा): प्रतापपुर प्रखंड अंतर्गत चंद्री पंचायत में मनरेगा योजना में भारी अनियमितता के मामले को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच में गंभीर गड़बड़ियों के बाद चंद्री पंचायत की मुखिया कंचन देवी को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। मालूम हो कि मनरेगा के तहत संचालित कई योजनाओं में कार्य स्थल पर काम नहीं होने के बावजूद भुगतान, मजदूरों की फर्जी उपस्थिति, मस्टर रोल में गड़बड़ी तथा योजना क्रियान्वयन में घोर अनियमितता के आरोप की जांच के बाद प्रशासन द्वारा उसे आधार बनाते हुए मुखिया से 48 घंटे के समय-सीमा के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं इस कार्रवाई से पंचायत स्तर पर हड़कंप मचा हुआ है और मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य गरीबों को रोजगार देना है, लेकिन अनियमितताओं के कारण वास्तविक लाभार्थियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।अब सबकी निगाहें मुखिया के जवाब और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
