देशभक्ति के तरानों से गुंजायमान हुआ मेसरा,संस्थानों और थाना परिसर में शान से लहराया तिरंगा

360° Ek Sandesh Live

Reporting by Mustaffa

मेसरा (राँची): गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र पूरी तरह से राष्ट्रीयता के रंग में रंगा नजर आया। क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों,चिकित्सा केंद्रों,पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों द्वारा पूरे उत्साह और गरिमा के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। इस दौरान राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया। थाना परिसर में गूंजा ‘जन-गण-मन’
बीआईटी मेसरा ओपी थाना परिसर में मुख्य समारोह का आयोजन हुआ,जहाँ थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने ध्वजारोहण किया। परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस बल देश की सेवा और आम जन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। “स्वास्थ्य और शिक्षा के केंद्रों में राष्ट्रवाद का अद्भुत संगम देखने को मिला” : मेसरा अस्पताल में डॉ० एहसान अंसारी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने तिरंगे को सलामी देते हुए उपस्थित कर्मियों एवं गणमान्य गणों को मानवता और राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। मनरखन महतो ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस में,संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो ने झंडा फहराया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि छात्र ही राष्ट्र निर्माण की असली शक्ति हैं। विकास ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस में,संस्थान के डायरेक्टर राधाचरण सिंह ने तिरंगा फहराकर सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत रहा। ओरमांझी के ईरबा स्थित फ्लोरेंस ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस,यहाँ भी हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र का उत्सव मनाया गया और संविधान की प्रस्तावना को याद किया गया। बताते चलें कि केवल संस्थानों में ही नहीं,बल्कि क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी स्थानीय नागरिकों ने तिरंगा फहराया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वन्दे मातरम’ के नारों से पूरा मेसरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों और छात्रों की भारी उपस्थिति ने इस राष्ट्रीय पर्व की चमक और बढ़ा दी। स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने कहा कि यह उत्सव हमारे महान लोकतंत्र और गौरवशाली संविधान के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है।

Spread the love