Eksandeshlive Desk
रांची : ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो–2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को बड़ी संख्या में विजिटर्स पहुंचे। विजिटर्स ने माइनिंग, कंस्ट्रक्शन, हैवी मशीनरी, उपकरणों और अत्याधुनिक तकनीकों से जुड़े विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नई मशीनों, आधुनिक तकनीकी समाधानों और उत्पादों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। प्रदर्शनी में भाग ले रही कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विजिटर्स को अपने उत्पादों की विशेषताओं, उपयोगिता और औद्योगिक क्षेत्र में उनके लाभों के बारे में विस्तार से बताया। शो में उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, व्यवसायियों और छात्रों की भी अच्छी खासी भागीदारी देखने को मिली।
माइनिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में अपार संभावनाएं : ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन लोकेश चौधरी और सीईओ एसके त्रिपाठी ने कहा कि झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो 2026 का उद्देश्य राज्य को माइनिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर का एक मजबूत प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है, जहां उद्योग, तकनीक और निवेश एक साथ जुड़ सकें। इस प्रदर्शनी के माध्यम से देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों को झारखंड जैसे संसाधन-समृद्ध राज्य में अपनी आधुनिक तकनीक, मशीनरी और नवाचार प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि शो में मिल रही विजिटर्स की सकारात्मक प्रतिक्रिया यह दर्शाती है कि झारखंड में माइनिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में अपार संभावनाएं हैं। यह आयोजन न केवल व्यापारिक नेटवर्किंग को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि स्थानीय उद्यमियों, युवाओं और तकनीकी छात्रों को भी उद्योग की नवीनतम प्रगति से रूबरू करा रहा है। चेयरमैन और सीईओ ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह के और बड़े आयोजनों के जरिए झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर एक सशक्त पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
शो का समापन आज, निःशुल्क प्रवेश : झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो 2026 का समापन शनिवार को होगा। शो के अंतिम दिन भी विजिटर्स के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग माइनिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, मशीनरी और नवाचारों को करीब से देख और समझ सकें। झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो–2026 के दौरान भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय द्वारा संचालित पीएमएस स्कीम को लेकर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया। प्रेजेंटेशन के माध्यम से एमएसएमई से जुड़े उद्यमियों, स्टार्टअप्स और प्रतिभागी कंपनियों को योजना के उद्देश्यों, लाभों, पात्रता मानदंड एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान प्रदर्शनी में लगे स्टालों को हैंड होल्डिंग सपोर्ट भी प्रदान किया गया, ताकि छोटे और मध्यम उद्यमी सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें। विशेषज्ञों ने उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें तकनीकी और प्रक्रियागत मार्गदर्शन भी दिया। इस अवसर पर एमएसएमई मंत्रालय के सहायक निदेशक गौरव कुमार, सहायक निदेशक शंकर लाल मीणा एवं यंग प्रोफेशनल कृष्णा राव उपस्थित थे।
