Reporter Mustaffa
मेसरा (रांची): शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनरखन महतो बीएड कॉलेज बीआईटी मोड़ केदल एवं क्षेत्र के अन्य सात प्रतिष्ठित बीएड कॉलेजों के बीच हस्ताक्षरित एमओयू के तहत आयोजित ‘शिक्षक-छात्र विनिमय कार्यक्रम’ शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 07 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक चले इस विशेष सत्र में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के संस्थानों की शैक्षणिक कार्यप्रणाली को साझा किया।
“साझा किए गए आधुनिक शिक्षण अनुभव”
इस विनिमय कार्यक्रम में अभिराम बीएड कॉलेज,आरटीसी,रामशोभा,संघमित्रा,मदर जीरामणि,फातिमा,शेख भिखारी और पटेल बीएड कॉलेज के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सहभागी कॉलेजों के शिक्षकों ने आधुनिक शिक्षण विधियों,पाठ्यक्रम संचालन और मूल्यांकन की नई तकनीकों पर गहन चर्चा की। वहीं,विद्यार्थियों को दूसरे कॉलेजों की प्रयोगशालाओं (लैब),पुस्तकालयों और वहां के संसाधनों का लाभ उठाने का अवसर मिला।
शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ छात्रों के व्यक्तित्व विकास के लिए खेलकूद और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर आपसी प्रतिस्पर्धा और सहयोग की भावना का परिचय दिया। मनरखन महतो (अध्यक्ष),ऐसे कार्यक्रम शिक्षक और विद्यार्थियों दोनों के लिए लाभकारी हैं,जिससे आपसी सहयोग और उत्कृष्टता को बढ़ावा मिलता है। मनोज कुमार महतो (निदेशक),विनिमय कार्यक्रम से विद्यार्थियों के अनुभव समृद्ध होते हैं और उनमें नवाचार के प्रति रुचि बढ़ती है। डॉ. दूधेश्वर महतो (प्राचार्य),यह पहल संस्थानों के बीच अकादमिक संबंधों को मजबूत करने और छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर है। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक माहौल और भविष्य में भी ऐसे साझा प्रयासों को जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।
