Eksandeshlive Desk
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के फील्ड मार्शल, चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (सीडीएफ) और चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) सैयद आसिम मुनीर ने शनिवार को 62वें म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के मौके पर जर्मनी में अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा और आतंकवादी विरोधी रणनीति पर चर्चा की। जियो न्यूज की रिपोर्ट में यह जानकारी इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के हवाले से दी गई। इस बातचीत में दोनों पक्षों ने आपसी हितों पर भी चर्चा की। मुनीर ने इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए 12 से 14 फरवरी तक जर्मनी का दौरा किया। उन्होंने जर्मन, ब्राजील और लेबनान के भी सैन्य अधिकारियों से वैश्विक शांति पर बात की। पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अफसर ने जर्मनी के आंतरिक सुरक्षा मंत्री अलेक्जेंडर डोब्रिंड्ट, जर्मनी के चांसलर के सुरक्षा सलाहकार गुंटर साउटर और चीफ ऑफ डिफेंस जनरल कार्स्टन ब्रेउर से मुलाकात की।
ईरान के मामले में कूटनीति को तरजीह देता है अमेरिका : मार्को रुबियो
ब्रातिस्लावा (स्लोवाकिया) : मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान से निपटने के लिए सैन्य विकल्प के बजाय कूटनीतिक रास्ते को प्राथमिकता देते हैं और मौजूदा अमेरिकी प्रशासन बातचीत पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि वे कूटनीति को प्राथमिकता देते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि ईरान के साथ समझौता करना जटिल रहा है और अब तक कोई स्थायी सफल समझौता नहीं हो पाया है, फिर भी अमेरिका प्रयास करेगा। रुबियो ने कहा कि अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी एहतियातन बनाए रखी है क्योंकि वहां तैनात अमेरिकी बलों के लिए संभावित खतरे मौजूद हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जार्ड कुशनर जल्द ही महत्वपूर्ण बैठकों के लिए यात्रा करेंगे। बताया गया है कि दोनों जिनेवा में ईरानी प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करेंगे, जहां ओमान की मध्यस्थता से ईरान के परमाणु संवर्धन कार्यक्रम और उच्च स्तर के संवर्धित यूरेनियम भंडार पर चर्चा होगी। ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर अमेरिकी संसद को जानकारी देने के सवाल पर रुबियो ने कहा कि प्रशासन इस मामले में अमेरिका के कानूनों का पूरी तरह पालन करेगा और आवश्यक होने पर कांग्रेस को शामिल किया जाएगा।
