Eksandeshlive desk
नई दिल्ली : दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रहे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट सम्मिट’ के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अपनी टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। फिलहाल, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है। केंद्रीय मंत्रियों ने घटना को शर्मनाक बताते हुए इसे कांग्रेस की हताशा करार दिया है। मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महला ने कहा, “यह आज दोपहर करीब 12:30 बजे की घटना है। इन लोगों ने क्यूआर कोड के जरिए आवेदन किया और फिर ये लोग अंदर आए। उन्होंने स्वेटर और जैकेट पहनी हुई थी और बाद में उन लोगों ने हॉल नंबर 5 के लॉबी एरिया में स्वेटर और जैकेट उतारकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।” उन्होंने कहा कि हमने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। ये सभी भारतीय युवा कांग्रेस के लोग हैं। इनमें बिहार से कृष्णा (35) हैं, जो कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हैं। बिहार से कुंदन यादव (33) जो कि प्रदेश सचिव हैं। उत्तर प्रदेश से अजय कुमार जो कि प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और महबूब नगर, तेलंगाना से नरसिम्हा यादव जो कि राष्ट्रीय समन्वयक हैं। महला ने कहा कि इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजनाथ बोले-भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास : दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदर्शन की कड़ी आलोचना हो रही है। केंद्रीय मंत्रियों ने घटना को शर्मनाक बताते हुए इसे कांग्रेस की हताशा करार दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिह ने एक्स पोस्ट पर कहा कि यूथ कांग्रेस का अनुचित व्यवहार न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास भी है। वे कांग्रेस के इस कृत्य की भर्त्सना करते हैं। उन्होंने कहा, “जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस राष्ट्रहित के साथ खड़े होने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने को प्राथमिकता देती दिखाई देती है। दलगत राजनीति को देश की प्रतिष्ठा और सम्मान से ऊपर रखना अत्यंत दुखद है।” उन्होंने कहा कि भारत की जनता भलीभांति समझती है कि कौन भारत को सशक्त और समर्थ बनाने में जुटा है और कौन बार-बार भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास करता है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने घटना को कांग्रेस के अहंकार और हताशा का जीता-जागता उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार को निशाना बनाने के लिए भारत को अपमानित करना ही राहुल गांधी और विपक्ष का तरीका है। वे हालिया व्यापार समझौतों के बारे में झूठ फैलाकर भारत के विकास को रोकना चाहते हैं। वहीं उनके कार्यकर्ता प्रतिष्ठित एआई शिखर सम्मेलन में बिना शर्ट पहने मार्च कर रहे हैं, ताकि 14 करोड़ भारतीयों को वैश्विक स्तर पर शर्मिंदा कर सकें। यह विघटनकारी रणनीति केवल भारत के लिए आपकी और आपकी पार्टी की दूरदृष्टि की कमी को उजागर करती है।
हालिया व्यापार समझौतों को लेकर भ्रामक दावे फैलाए जा रहे : इलेक्ट्रोनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना पर कहा कि जब भी कुछ अच्छा हो रहा होता है तो कांग्रेस हताशा में इस तरह की हरकतें कर रही होती है। उन्होंने कहा कि जरूर कांग्रेस के लोग डर गए होंगे कि इतना अच्छा और भव्य आयोजन कैसे हुआ। देश के हर भाग से युवा इसमें शामिल हो रहे हैं। इस तरह के सम्मेलन को राजनीति से दूर रखना चाहिए। कांग्रेस का अगर यही हर काम में विघ्न डालने का रवैया रहेगा तो ईश्वर ही बचाए। विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस की गहरी हताशा और विशेषाधिकार की भावना को दर्शाता है। वे राहुल गांधी से पूछना चाहते हैं कि क्या भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को धूमिल करना सरकार पर हमला करने के लिए रचनात्मक विरोध का आपका तरीका है? उन्होंने कहा, “हालिया व्यापार समझौतों को लेकर भ्रामक दावे फैलाए जा रहे हैं ताकि भारत की प्रगति को रोका जा सके, ऐसे में आपकी पार्टी के सदस्यों ने एक प्रतिष्ठित एआई शिखर सम्मेलन में बिना शर्ट पहने मार्च किया, मानो दुनिया के सामने 14 करोड़ भारतीयों की नकारात्मक छवि पेश करने के लिए। ऐसी रणनीति केवल देश के लिए दूरदर्शी सोच के अभाव को उजागर करती है।” संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस खुद ही राष्ट्रीय शर्म का कारण बन रही है। यह वैश्विक एआई सम्मेलन है। भाजपा की रैली नहीं है। कांग्रेस खुद ही ‘राष्ट्रीय शर्म’ बन चुकी है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष बोले- विरोध एआई सम्मिट के खिलाफ नहीं : युवा कांग्रेस ने इंडिया एआई इंपैक्ट सम्मिट में किए विरोध प्रदर्शन की जिम्मेदारी ले ली है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में शुक्रवार को प्रदर्शनी हॉल के पास भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ प्रधानमंत्री मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट लहराकर नारेबाजी की थी। युवा कांग्रेस ने इस पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिम्मेदारी ली और अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का बयान भी जारी किया। उदय भानु चिब ने कहा कि यह विरोध एआई सम्मिट के खिलाफ नहीं था, बल्कि उन समझौतों के खिलाफ था जिन्हें वे भारत के हितों के साथ समझौता मानते हैं। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा। अमेरिका के साथ हो रहे व्यापार समझौते से किसानों और आम जनता को नुकसान होगा और इसका फायदा केवल अमेरिका को मिलेगा। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना उनका अधिकार है और वे युवाओं की आवाज बुलंद करते रहेंगे। चिब ने कहा कि जब किसानों और युवाओं के हितों का सौदा किया जा रहा हो, तब चुप रहना संभव नहीं है। अगर सरकार सोशल मीडिया पर आईटी नियमों के जरिए विरोधी आवाजों को दबाती है और सड़कों पर प्रदर्शन करने से रोकती है, तो उनके पास विरोध दर्ज कराने का यही तरीका बचता है।
