गारू : थाना परिसर में आगामी रामनवमी, सरहुल एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ दिनेश कुमार मिश्रा ने की।
सीओ ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। बैठक में मौजूद जिप सदस्य जीरा देवी ने भी लोगों से अपील की कि वे सभी त्योहारों को मिलजुल कर मनाएं और क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखें।
अंत में सभी ने एक स्वर में क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया।बैठक में थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, जिला परिषद सदस्य जीरा देवी, हरिकिशोर दुबे, मुखिया सुनेश्वर सिंह, अखिलेश यादव एवं मिथलेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
