भारत से लगी सीमा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नेपाल ने किए कई बड़े फैसले

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

काठमांडू : नेपाल सरकार ने भारत से लगी हुई सीमा पर अपनी निगरानी को चौबीसों घंटे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाने का फैसला किया है। खुली सीमा होने के कारण होने वाले घुसपैठ, तस्करी, सीमा पर अपराध आदि को रोकने के लिए कई निर्देश जारी किए गए हैं। सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता डीआईजी विष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार, भारतीय सीमा से जुड़े नेपाल के देश के 27 जिलों की सीमा पर 3000 अतिरिक्त जवानों को भारत से सटी सीमा पर तैनात करने का फैसला किया गया है।

पहाड़ी क्षेत्रों से जनशक्ति स्थानांतरित कर नेपाल भारत सीमा पर स्थायी तैनाती बढ़ाने की योजना : डीआईजी विष्णु प्रसाद भट्ट ने बताया कि नेपाल की पूर्वी सीमा झापा से पश्चिम सीमा कंचनपुर जिले तक के सीमावर्ती जिलों में 24 घंटे गश्त सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। सरकार पहाड़ी क्षेत्रों से जनशक्ति स्थानांतरित कर नेपाल भारत सीमा पर स्थायी तैनाती बढ़ाने की योजना भी बना रही है। सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता के मुताबिक सीमा सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र में 100 नए वाच टावर बनाने का निर्देश गृह मंत्रालय के तरफ से दिया गया है। डीआईजी भट्ट ने कहा कि सरकार के निर्देश के बाद इस पर काम भी शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा नेपाल भारत सीमावर्ती क्षेत्र में रहे बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) की संख्या को भी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। गृहमंत्रालय ने सशस्त्र प्रहरी बल के उस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है जिसमें नेपाल भारत सीमा पर बीओपी की मौजूदा संख्या २६० को बढ़ाकर ४२६ करने की बात उल्लेख है।

गलत लेन में गाड़ी चलाने पर नेपाल के स्पीकर की तीन गाड़ियों का कटा ट्रैफिक चालान : नेपाल के प्रतिनिधि सभा के स्पीकर डोल प्रसाद अर्याल (डीपी अर्याल) के तीन वाहनों पर ट्रैफिक नियम उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस की कार्रवाई हुई हैं।बुधवार को काठमांडू के थापाथली से सिंहदरबार की ओर जाते समय लेन क्रॉस करने पर उनके वाहनों पर कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने सिंहदरबार पहुंचकर ही चालान काटा। स्पीकर के आगे-पीछे चल रहे एस्कॉर्ट वाहनों पर भी जुर्माना लगाया गया। काठमांडू के ट्रैफिक पुलिस एसएसपी नवराज अधिकारी ने बताया कि स्पीकर अर्याल की गाड़ियों ने थापाथली क्षेत्र में ट्रैफिक नियम का उल्लंघन किया था, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने सिंहदरबार पहुंचकर उन्हें चालान थमा दिया। इससे पहले वीवीआईपी वाहनों पर लेन उल्लंघन को लेकर कार्रवाई नहीं होती थी, लेकिन गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने स्पष्ट किया था कि ट्रैफिक नियम सभी पर समान रूप से लागू होंगे। उन्होंने यह भी निर्देश दिया था कि वीआईपी के कारण आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

नेपाल ने खाड़ी के चार देशों के लिए श्रम स्वीकृति देना फिर शुरू किया : नेपाल के वैदेशिक रोजगार विभाग ने खाड़ी देशों में युद्ध के कारण कुछ समय पहले स्थगित किए गए चार देशों के लिए पुनः श्रम स्वीकृति देना फिर से शुरू कर दिया है। विभाग के अनुसार इजरायल, कुवैत, बहरीन और लेबनान के लिए पुनः श्रम स्वीकृति शुरू की गई है। इससे पहले श्रम, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा मंत्रालय के निर्णय के अनुसार सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, ओमान, यमन, जॉर्डन और टर्की के लिए भी पुनः श्रम स्वीकृति शुरू की जा चुकी थी। अब इसमें चार और देशों को जोड़ा गया है। विभाग के अनुसार इराक के मामले में मंत्रिपरिषद के 1 जनवरी के निर्णय के अनुरूप श्रम स्वीकृति दी जाएगी, जिस संबंध में मंत्रालय ने 13 अप्रैल को निर्णय लिया है।

Spread the love