बानो में दो लोगों से करीब 20 हजार रुपये व मोबाइल लूटने का मामला, दो आरोपी जेल भेजे गए, किशोर को बाल न्यायालय में किया जाएगा प्रस्तुत
Eksandeshlive Desk
सिमडेगा: सिमडेगा पुलिस ने बानो थाना क्षेत्र में हुई सड़क लूट की घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल की लोहे की चेन और लोहे का हैंडपंच बरामद किया है। गिरफ्तार दो आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि निरुद्ध किशोर को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने तीनों की घटना में संलिप्तता सामने आने की बात कही: पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को बानो थाना क्षेत्र के बड़ाईक टोली निवासी ताज हुसैन, पिता स्व. उसमान हुसैन के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ करीब 20 हजार रुपये नकद और एक स्क्रीन टच मोबाइल फोन लूटने के आरोप में बानो थाना कांड संख्या 30/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने वादी एवं गवाहों द्वारा बताए गए हुलिए, संदिग्ध मोटरसाइकिल के विवरण और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ गांव में घेराबंदी कर घटना में शामिल तीन आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में दाऊद नाग उर्फ कटेया (23 वर्ष), पिता गबरेज मुंडा, निवासी कातुद, थाना मारंगहादा, खूंटी, कालीफ पूर्ति (22 वर्ष), पिता रेला मुंडा, निवासी मुटुदा (हिसाकोचा), थाना चौका, सरायकेला-खरसावां तथा 17 वर्षीय निरुद्ध किशोर, थाना अड़की, खूंटी शामिल हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस ने तीनों की घटना में संलिप्तता सामने आने की बात कही है।
दाऊद नाग पर पहले से कई मामले दर्ज: पुलिस के अनुसार दाऊद नाग उर्फ कटेया के खिलाफ अड़की थाना और दशमफॉल थाना में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अड़की थाना कांड संख्या 24/22 में धारा 394/307 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट, अड़की थाना कांड संख्या 38/21 में धारा 392 भादवि तथा दशमफॉल थाना के वर्ष 2025 के दो मामलों में बीएनएस की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। वहीं कालीफ पूर्ति के खिलाफ खूंटी थाना कांड संख्या 135/2025 में आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। सिमडेगा पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपियों को 21 सितंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि निरुद्ध किशोर को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
