आधुनिक यात्री सुविधाओं और उन्नत अवसंरचना के साथ बिमलगढ़ अमृत स्टेशन का पुनर्विकास

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारतीय रेलवे अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कर रहा है। इस योजना का उद्देश्य बेहतर अवसंरचना, सुगम पहुंच और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों की सुविधाओं में सुधार करना है। यह योजना स्थानीय आवश्यकताओं पर आधारित दृष्टिकोण अपनाती है तथा क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और सुचारु आवागमन को भी बढ़ावा देती है। इस योजना के अंतर्गत ओडिशा के 59 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन इनमें से एक चयनित स्टेशन है।

बिमलगढ़ स्टेशन ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में स्थित है। यह स्टेशन यात्री आवागमन और माल ढुलाई—दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनेगा। कार्यक्रम के तहत बुनियादी अवसंरचना और यात्री सुविधाओं में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एक नया स्टेशन भवन उन्नत मुखौटे (फसाड) के साथ बनाया जा रहा है। नए प्रवेश और निकास द्वार उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नया सर्कुलेटिंग एरिया और बेहतर प्लेटफॉर्म शेल्टर यात्रियों की आवाजाही और आराम को बेहतर बनाएंगे। दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म पर दिव्यांगजन शौचालय उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही रैम्प, जल बूथ, टैक्टाइल पाथ और ब्रेल साइनेज भी लगाए जा रहे हैं ताकि सभी के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित की जा सके। अन्य यात्री सुविधाओं में प्रतीक्षालय और नई बैठने की व्यवस्था शामिल है। प्लेटफॉर्म की सतहों में सुधार किया जा रहा है। कैनोपी और फसाड उन्नयन भी कार्यों का हिस्सा हैं। स्टेशन की दीवारों पर स्थानीय कला और सांस्कृतिक विषयों की पेंटिंग की जा रही है, जिससे क्षेत्रीय पहचान को दर्शाया जा सके। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बिमलगढ़ स्टेशन का पुनर्विकास आधुनिक, समावेशी और यात्री-केंद्रित रेलवे अवसंरचना की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

Spread the love