Ashok Verma
मोतिहारी : पराम्बा शक्तिपीठ प्रांगण में चंचल बाबा ने छठ व्रतियों के बीच वस्त्र एवं पूजन सामग्री का वितरण किया। पिछले दिनों चंपारण दौरे पर आये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित कर आशीर्वाद देने वाले पारंबा शक्ति पीठाधीश्वर स्वामी शक्ति शरणानंद ने आश्रम परिसर में छठ व्रतियों के बीच वस्त्र एवं पूजा सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वैदिक काल से चला आ रह छठ महापर्व जाति-धर्म-मजहब की दीवार तोड़ विश्व को एकता के सूत्र में पिरोता है। शहर के अम्बिका नगर स्थित पराम्बा शक्तिपीठ प्रांगण में बड़ी संख्या में आसपास की छठ व्रतियों ने चंचल बाबा के हाथों वस्त्र एवं पूजन सामग्री ग्रहण कर अपने को गौरवान्वित महसूस किया। इस अवसर पर चंचल बाबा ने उपस्थित सभी छठ व्रतियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वचन दिए।
विश्व को एकता का संदेश देता है छठ महापर्व : चंचल बाबा ने उपस्थित छठ व्रती, भक्तगण एवं श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए छठ की महत्ता पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति की समग्रता व समरसता को विश्व स्तर पर परिलक्षित करता महापर्व सूर्य षष्ठी व्रत छठ पूजा वैदिक काल से चला आ रहा है। चंचल बाबा ने कहा कि सनातन संस्कृति का यह महापर्व प्राकृतिक के अनुरूप पूरे समाज को एक सूत्र में पिरोता है। उन्होंने कहा कि जाति-धर्म-मजहब की दीवार को तोड़ सामाजिक सद्भाव व सांस्कृतिक महत्व को मजबूत करता यह पर्व विश्व को एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष छठ पूजा के अवसर पर पराम्बा शक्तिपीठ प्रांगण में उनके द्वारा छठ व्रती माता- बहनो के बीच वस्त्र एवं पूजन सामग्री वितरित किए जाने की परंपरा कायम की गई है। मौके पर शैलेन्द्र तिवारी छोटन जी, अभिषेक श्रीवास्तव, राम मनोहर, पुजारी जी, संदीप सत्यम सहित अन्य शिष्य व भक्तजन मौजूद थे।
