Eksandeshlive Desk
रांची : आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत मोमिन पंचायत इलाहीनगर द्वारा तीन गरीब लड़कियों की शादी करायी गई। बिना बाप की तीन गरीब लड़कियों का निकाह एक सादे समारोह में हुआ। निकाह से लेकर दहेज़ और खाने का इंतजाम भी मोमिन अंसारी पंचायत ने किया। पहला निकाह चान्हो निवासी गुलरेज अंसारी और दूसरा निकाह सिल्ली निवासी मो. शमशेर तथा तीसरा निकाह हुसीर निवासी रफ़ीक़ आलम से हुआ। निकाह के बाद पंचायत कमिटी द्वारा दहेज के रूप में पलंग, गद्दा, चार कुर्सी और बर्तन दिए गये। निकाह क़ारी अब्दुल रसीद ने पढ़ाया।
इस मौके पर पंचायत के हाजी अब्दुल हलीम साहब ने कहा कि निकाह को आसान बनाया जाना चाहिए। दहेज़ और गरीबी की वजह से अगर गरीब बच्चियों का निकाह नहीं हो रहा है तो इसके लिए पूरा समाज जिम्मेदार व गुनहगार है। उन्होंने मोमिन पंचायत के इस आयोजन को प्रशंसनीय और आदर्श कदम बताया। पंचायत के अध्यक्ष मो. हफ़ीज़ ने बताया कि कोई भी गरीब और जरूरतमंद परिवार सहयोग के लिए आएगा तो पंचायत कमिटी हर मुमकिन मदद करेगी। कार्यक्रम में दीपाटोली सद्भावना पंचायत के संरक्षक मेराज खान, हाजी अबुल कलाम, अब्दुल हसीब, परवेज़ आलम, मुस्तकीम अंसारी, जुबैर आलम, खुर्शीद कुरैशी, सद्दाम अली, ज़हीर खान, अबू तलहा, शमीम अंसारी, हाजी मुमताज़, गुफरान आलम, इम्तियाज़ अख्तर, साबिर खान, जफ़ीर इक़बाल, मोहम्मद शफ़ीक़, मो. हैदर, क़ासिम अली, राघब इक़बाल, शाहबाज़ आलम व सरफ़राज़ अंसारी शामिल थे।
