Eksandeshlive Desk
रांची : जोनल आईजी मनोज कौशिक ने अरगोड़ा थाना प्रभारी ब्रह्मदेव प्रसाद को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। पुलिस सूत्रों से शुक्रवार को मिली जानकारी के मुताबिक, गत दिनों अरगोड़ा थाने में एक युवक को हाजत में बंद कर मारपीट का मामला सामने आया था। इसके बाद एसएसपी ने एक सब इंस्पेक्टर दिवाकर सिंह को सस्पेंड किया था, जबकि इंस्पेक्टर को लेकर एक रिपोर्ट जोनल आईजी को भेजी गई थी। जिस पर जोनल आईजी ने यह कार्रवाई की है।
विधि व्यवस्था और पुलिस छवि सुधारने के लिए तीन थाना प्रभारियों का तबादला : वहीं झारखंड की राजधानी रांची में विधि व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस की जनता के बीच छवि बेहतर करने के लिए तीन थाना प्रभारियों का तबादला किया गया है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी की। ओरमांझी थाना में पदस्थापित अनिल कुमार तिवारी को अरगोड़ा थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि शशिभूषण चौधरी को ओरमांझी थाना प्रभारी बनाया गया है। इससे पूर्व शशिभूषण मांडर अंचल में अपनी सेवा दे रहे थे। इसके अलावा पूनम कुजूर को पुलिस केंद्र से चुटिया थाना प्रभारी बनाया गया है।
