बिहार विधानसभा चुनावों के दूसरे और अंतिम चरण का चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंचा
Eksandeshlive Desk
भागलपुर/अररिया : बिहार विधानसभा चुनावों के दूसरे और अंतिम चरण का चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच गया है। दो प्रमुख गठबंधन राजग और महागठबंधन ने मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के भागलपुर और अररिया को जनसभाओं को संबोधित किया। भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार का विकास एनडीए सरकार का एजेंडा है। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए कहा कि आप लोग स्वदेशी को अपनाएं तभी हम आत्मनिर्भर बनेंगे। आपको अपने वोट से राजद और कांग्रेस का परमानेंट इलाज करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भागलपुर का सिल्क, मधुबनी पैंटिग और मुजफ्फरपुर की लीची पूरे विश्व में प्रचलित है। हमें उसे अपनाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राजद वालों ने हमारे आस्था का अपमान किया है। ये बिहार का अपमान है कि नहीं? छठ महापर्व का अपमान करने वाले को कड़ी से कड़ी सजा देना है। इन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए माओवादी को बढ़ा दिया। अब घुसपैठियों को घुसाने में लगे हैं। आपको अपने वोट से राजद और कांग्रेस का परमानेंट इलाज करना है।
राजद ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रख कर मुख्यमंत्री के उम्मीदवार की घोषणा करवाई : प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से एनडीए की जीत का आशीर्वाद जनता से मांगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में दो ही ऐसी जगह है जहां गंगा उत्तरवाहिनी होती है। पहला बनारस और दूसरा भागलपुर। भागलपुर संघर्ष और सम्मान की धरती है। इसने दो वीर दिए जिन्होंने देश का इतिहास बदल दिए। तिलकामांझी ओर कादम्बनी गांगुली। विक्रमशिला की भूमि ने देश और विश्व को ज्ञान का रास्ता दिखाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक बिहार चुनाव के पहले चरण में जो मतदान हुए हैं उसकी शानदार तस्वीर सामने आ रही हैं। बिहार की माताएं बहनें बिहार से जंगलराज वालों को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए मतदान कर रही है। आज सब वोट देने की सारी रिकॉर्ड तोड़ रही है। बिहार में कांग्रेस और राजद ने सरकार चलाई लेकिन उन्होंने महिलाओं को जीविका दीदी बनाने का काम किया। न खाते में पैसे दिए, आज एनडीए सरकार द्वारा दिया गया सभी बहनों के 1 करोड़ 40 लाख के खातों में 10 हजार पहुंच चुका है। अगर वो सरकार अभी होती तो ये राशि कांग्रेस और राजद के खाते में चली जाती।प्रधानमंत्री ने कहा कि ये इंडी गठबंधन वाले एक दूसरे को नीचे दिखाने का काम करते हैं। राजद के बैनर में कांग्रेस के नेता की तस्वीर दूरबीन से खोजने से मिलेगी। यही हाल कांग्रेस में है। उनके नेता किसी राजद के नामदार का नाम नहीं लेते। राजद ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रख कर मुख्यमंत्री के उम्मीदवार की घोषणा करवाई।
एनडीए घुसपैठिए को देश से निकालने में तो कांग्रेस और राजद उसे बचाने में लगी है : वहीं फारबिसगंज हवाई अड्डा मैदान में नौ विधानसभा के एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में गुरुवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लालू राबड़ी के 15 साल के शासनकाल जमकर प्रहार किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सबसे बड़ी चुनौती घुसपैठिए है। एनडीए सरकार एक एक घुसपैठियों का पहचान कर उसे देश से बाहर निकालने में लगी है तो कांग्रेस और राजद घुसपैठियों को बचाने के लिए तरह तरह की भ्रांतियां और झूठी बातों को फैला रहे हैं। उन्होंने घुसपैठिए के मामले में कहा कि राजद और कांग्रेस वालों को जब जब मौका मिला,घुसपैठियों को भारत का नागरिक बनाने में लगे रहे। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए देश के नागरिकों के हक पर कब्जा कर रहे हैं। पीएम ने लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के शासन काल पर हमलावर होते हुए कहा कि 15 साल के उस जंगलराज वाले शासनकाल के आंकड़ा शून्य को याद कर लीजिए,जो उसका रिपोर्ट कार्ड है। 1990 से 2005 के शासनकाल में सरकार बनाने के नाम पर बिहार को लूटकर तबाह कर दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 साल के जंगलराज में एक्सप्रेस-वे शून्य,15 साल के जंगलराज के शासनकाल में कोसी और गंगा पर पुल शून्य,15 साल के जंगलराज के शासनकाल में टूरिस्ट सर्किल का विस्तार शून्य,15 साल के जंगलराज में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स शून्य,15 साल के जंगलराज के शासनकाल में मेडिकल कॉलेज शून्य,बिहार में 15 साल के जंगलराज में आईआईटी,आईआईएम,मिशन लॉ यूनिवर्सिटी की संस्था शून्य रही।
