Eksandeshlive Desk
रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत कार्रवाई करते हुए हटिया रेलवे स्टेशन से साढ़े सात किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहन प्रसाद के रूप में हुई है, जो बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। आरपीएफ के उपनिरीक्षक दीपक कुमार ने शुक्रवार को बताया कि रांची मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चला रही है। इसी दौरान हटिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर एक व्यक्ति हल्के हरे रंग के ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया।
संदेह होने पर जब आरपीएफ जवानों ने उससे पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि उसके बैग में प्लास्टिक में लिपटा गांजा रखा हुआ है। इसकी सूचना तत्काल आरपीएफ रांची के एएससी अशोक कुमार सिंह को दी गई, जो मौके पर पहुंचे। उनके निर्देशानुसार कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपित की तलाशी ली गई और ट्रॉली बैग की जांच की गई। तलाशी के दौरान बैग से भूरे रंग के प्लास्टिक में लिपटे कुल नौ पैकेट गांजा बरामद किए गए। बरामद गांजा का कुल वजन 7.5 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई। जब्त सामग्री को मौके पर ही विधिवत कब्जे में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा संबलपुर के धनपाली क्षेत्र से रंजीत कुमार पंडित नामक व्यक्ति के माध्यम से प्राप्त कर रक्सौल ले जा रहा था। आरपीएफ ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपित और जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) हटिया को सौंप दिया है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
