Eksandeshlive Desk
धनबाद : आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को लेकर सोमवार को धनबाद पहुंचे रांची के सांसद सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भारत कुछ ही महीनों के भीतर 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी जापान को पछाड़ कर बन जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारत के आत्मनिर्भर बनने से मिली है। उन्होंने कहा कि भारत में करीब 6 करोड़ लघु उद्योग हैं, जिससे 12 करोड़ रोजगार मिले हैंं। यह भारत की ताकत है। इससे गांव से लेकर पंचायत तक मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश की जनता से जो भी वादा किया, उसे पूरा किया। यही कारण है कि पीएम मोदी जो भी बोलते हैं उसे देश की जनता हाथों हाथ लेती है। सेठ ने कहा कि आज देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया पीएम मोदी की बातों को मानती है। एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात को मान, भारत स्वदेशी अपनाते हुए आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है।
दीपावली और छठ में भी स्वदेशी बाजार उछाल मारेगा : संजय सेठ ने कहा कि दुर्गा पूजा के बाद दीपावली और छठ में भी स्वदेशी बाजार उछाल मारेगा, क्योंकि स्वदेशी का बाजार हिलोरे मार रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की 1 सौ 40 करोड़ जनता स्वदेशी को अपनाकर भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी और पीएम मोदी का सपना, भारत अपने आजादी के 100 वें वर्ष पूरी करने तक पूरी तरह से आत्मनिर्भर और दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बन चुका होगा, इस संकल्प को देश की जनता हाथों हाथ ले रही है। उन्होंने बताया कि पहले भारत खिलौने दूसरे देशों से आयात करता था, लेकिन देश ने पीएम मोदी की बात आपदा में अवसर ढूंढो को माना और आज देश, सैकड़ों देशों को खिलौने निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद सबसे बड़ा कोई रिफॉर्म टैक्स के क्षेत्र में जीएसटी के रूप में आया। भारत के कृषि सेक्टर में 42 हजार से 65 हजार तक के दाम कम हुए, इसके साथ ही लगभग हर चिंजों के दाम कम हुए हैं। यही कारण है कि दुर्गा पूजा में बाजार उछाल की चरम सीमा पर था। इस छूट का पूरा-पूरा लाभ देश की आम जनता को मिल रहा है, यदि कोई जीएसटी पर लागू छूट में बेईमानी कर रहा है, तो ऐसे लोगों पर भारत सरकार की कड़ी नजर है। उन्होंने कहा कि देश ने जैसे दुर्गाउत्सव मनाया है, ठीक उसी तरह देश बचत उत्सव भी मनाएगी। उन्होंने कहा कि भरतीय सेना ने अपने स्वदेशी हथियार से जैसा पराक्रम दिखाया उसे देख कर पूरी दुनिया आज हतप्रभ हो गई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने धनबाद के इंडस्ट्रीज ऑफ चैम्बर के सभागार में भाजपा के कार्यकर्ताओं को स्वदेशी अपनाने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प भी दिलाया।