अफीम की अवैध खेती के खिलाफ प्रशासन ने चलाया अभियान

Crime

Eksandeshlive Desk

खूंटी : उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत खूंटी प्रखंड के चिकोर सहित अन्य क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया गया। जिला प्रशासन ने ट्रैक्टर और अन्य संसाधनों का उपयोग कर इन फसलों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। कार्रवाई में अंचल अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने इस अभियान के माध्यम से अवैध खेती करने वालों को कड़ा संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को जिले में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अफीम की अवैध खेती मामले में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर एफआइआर सहित अन्य कार्रवाई का निर्देश दिया गया। साथ हीं उपायुक्त ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि जिले को अपराधमुक्त बनाया जा सके। साथ हीं उन्होंने अवैध अफीम की खेती छोड़ कर ऐसे लोगों को वैकल्पिक खेती करने की बात कही।