Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को अफगानिस्तान के भारत दौरे के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। न्यू चंडीगढ़ का मैदान जून में एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। यह मैदान 6 से 10 जून के बीच भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। इसके साथ ही न्यू चंडीगढ़ भारत का 31वां टेस्ट वेन्यू बन जाएगा। यह मुकाबला अफगानिस्तान के भारत दौरे का हिस्सा होगा। अब तक इस मैदान पर आईपीएल मैच, एक पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय और कुछ महिला वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन यह पहला अवसर होगा जब यहां पांच दिवसीय टेस्ट मैच आयोजित किया जाएगा। मैच की शुरुआत प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे (भारतीय समयानुसार) होगी।
अफगानिस्तान खुद को साबित करना चाहेगा
अफगानिस्तान का यह दौरा केवल टेस्ट मैच तक सीमित नहीं रहेगा। टेस्ट के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। पहला वनडे 14 जून 2026 को धर्मशाला में, दूसरा 17 जून को लखनऊ में और तीसरा 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा। तीनों वनडे मुकाबले दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे। अफगानिस्तान ने आखिरी बार भारत में 2024 में द्विपक्षीय सीरीज खेली थी, जो तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला थी। भारत में दोनों टीमों के बीच अब तक केवल एक टेस्ट मैच खेला गया है, जो 2018 में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित हुआ था। यह दौरा दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से, जहां अफगानिस्तान को भारत की मजबूत टीम के खिलाफ खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।
अफगानिस्तान का भारत दौरा कार्यक्रम
एकमात्र टेस्ट: 6-10 जून, न्यू चंडीगढ़ – सुबह 9:30 बजे
पहला वनडे: 14 जून, धर्मशाला – दोपहर 1:30 बजे
दूसरा वनडे: 17 जून, लखनऊ – दोपहर 1:30 बजे
तीसरा वनडे: 20 जून, चेन्नई – दोपहर 1:30 बजे
