अगले कुछ दिनों में विंडो पर दिए जाने वाले तत्काल टिकटों में ओटीपी आधारित प्रणाली लागू होगी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : सामान्य यात्रियों के लिए तत्काल टिकट सुविधा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यह ओटीपी आधारित तत्काल आरक्षण प्रणाली प्रस्तावित की गई थी। सबसे पहले, रेलवे ने जुलाई 2025 में ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार आधारित प्रमाणीकरण शुरू किया। इसके बाद, अक्टूबर 2025 में सभी सामान्य आरक्षणों की प्रथम दिन की बुकिंग के लिए ओटीपी आधारित ऑनलाइन आरक्षण प्रणाली लागू की गई। इन दोनों पहलुओं को आम यात्रियों ने सफलतापूर्वक अपनाया, जिससे आरक्षण प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित हुई।

रेलवे ने 17 नवंबर 2025 से आरक्षण काउंटरों पर बुक होने वाले तत्काल टिकटों के लिए ओटीपी आधारित आरक्षण प्रणाली का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया। फिलहाल यह प्रणाली कुल 52 ट्रेनों तक विस्तारित कर दी गई है। इस व्यवस्था के तहत, काउंटर पर तत्काल टिकट बुक कराते समय यात्री को आरक्षण फॉर्म में दर्ज मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाता है। ओटीपी सत्यापन सफल होने के बाद ही टिकट की पुष्टि की जाती है। अब अगले कुछ दिनों में शेष सभी ट्रेनों में भी काउंटरों पर ओटीपी आधारित तत्काल आरक्षण प्रणाली लागू कर दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य तत्काल सुविधा के दुरुपयोग को रोकना और वास्तविक यात्रियों को अधिक मांग वाले टिकटों तक बेहतर पहुंच प्रदान करना है। यह रेलवे टिकटिंग में पारदर्शिता, यात्री सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Spread the love