डॉक्टर ने कहा-अगर चाकू ज्यादा अंदर घुस जाता तो सैफ को काफी प्रॉब्लम हो सकती थी, दो-तीन दिन में लौटेंगे घर

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

मुंबई : घर में घुसे चोर के हमले में घायल फिल्म अभिनेता सैफ अली खान की पीठ पर चाकू के गहरे घाव हैं। लीलावती हॉस्पिटल के डाॅक्टर ने सैफ की रीढ़ की हड्डी में लगे चाकू के टुकड़े को सर्जरी कर निकाला। सैफ की हालत फिलहाल स्थिर है। अब सैफ की हालत को लेकर डॉक्टर ने बड़ा अपडेट दिया है। डॉक्टर का कहना है कि अगर चाकू ज्यादा अंदर घुस जाता तो सैफ को काफी प्रॉब्लम हो सकती थी। सैफ के स्वास्थ्य काे लेकर उनके फैंस चिंतित हैं। लीलावती हॉस्पिटल के डॉ. नितिन डांगे ने सैफ का इलाज किया। सैफ की हालत पर अपडेट देते हुए डांगे ने कहा कि सैफ अली खान के शरीर पर कुल छह चोटें आईं। इनमें से दो चोटें अधिक गंभीर थीं। अब सैफ अली ठीक हैं।

घाव में 2.5 इंच का चाकू का टुकड़ा फंसा था

उन्हाेंने बताया कि सैफ की पीठ पर घाव में 2.5 इंच का चाकू का टुकड़ा फंसा था। अगर यह टुकड़ा सैफ की रीढ़ की हड्डी में फंसा होता तो सैफ को लकवा मार सकता था, लेकिन भगवान की कृपा से सर्जरी के दौरान कोई दिक्कत नहीं हुई। डॉक्टरों के मुताबिक सैफ अली खान को अगले दो-तीन दिन में छुट्टी मिल जाएगी। फिलहाल सैफ जल्द ही फिजियोथेरेपी शुरू करेंगे, जिसके बाद सैफ जल्द से जल्द इस दर्द से उबर जाएंगे। इसके अलावा वह अगले महीने फिर से शूटिंग शुरू कर सकेंगे। सैफ के प्रशंसक अभिनेता के चोट से उबरने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इतने बड़े हमले में सैफ बच गए हैं। अगर घाव गहरा होता तो सैफ का करियर और जिंदगी दोनों खतरे में पड़ सकती थी।

सैफ पर हमला मामले में एक हिरासत में

इधर, फिल्म अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को सुबह वडाला इलाके में से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। बांद्रा पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार बांद्रा में बुधवार रात करीब 2 बजे फिल्म अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने के बाद हमलावर फरार हो गया था। इसके बाद मुंबई पुलिस हमलावर को ढ़ूंढ रही है। सैफ के आवास से फरार होते समय हमलावर की फोटो सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इसी तरह हमलावर की तस्वीर बांद्रा स्टेशन के पास भी सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इसी आधार पर आज सुबह पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को चर्चगेट इलाके से पकड़ा है। संदिग्ध को बांद्रा में लाकर संयुक्त पुलिस आयुक्त दत्ता नलावणे, पुलिस उपायुक्त दीक्षित गेडाम उससे गहन पूछताछ कर रहे हैं।

ढीली सुरक्षा व्यवस्था का लाभ उठाया

पुलिस के अनुसार अभी तक हमले का उद्देश्य स्पष्ट नहीं हो सका है। इस मामले की जानकारी पुलिस ने गोपनीय रखा है। मुंबई पुलिस इस मामले में आज करीना और सैफ के बयान दर्ज करेगी। सूत्रों के अनुसार सैफ के घर पर ढीली सुरक्षा व्यवस्था का लाभ हमलावार ने उठाया है। सैफ के घर में कुछ दिन पहले ही फर्नीचर और अन्य मरम्मत का काम शुरू हुआ था। चूंकि वहां लगातार श्रमिकों का आना-जाना लगा रहता था, इसलिए पीछे की सीढ़ी का दरवाज़ा हमेशा खुला रहता था। अनुमान लगाया जा रहा है कि हमलावर को संभवता इसकी सूचना थी। उसने इस रास्ते का इस्तेमाल किया। फिलहाल इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

Spread the love