Eksandeshlive Desk
पलामू : अमेजन के नाम पर एक मजदूर के खाते से 70 हजार 196 रुपये की ठगी कर ली गयी। पांच बार में बैंक खाते से सारे पैसे निकाले गए। मजदूर पैसे को अपनी भांजी की शादी करने के लिए जमा कर रखा था। खून पसीने की कमाई एक झटके में गायब हो जाने पर मजदूर की परेशानी बढी हुई है और लगातार बैंक और साइबर थाने से राशि की रिकवरी की गुहार लगा रहा है। हालांकि घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। साइबर थाना मेदिनीनगर में मामला दर्ज किया गया है।
पलामू जिले के परामगढ़ के नदीपार टोला के रहने वाले उतिम कुमार तमिलनाडू में रहकर मजदूरी करता है। छह जुलाई की दोपहर मोबाइल चार्ज अवस्था में उसके खाते से पांच बार में 70 हजार 196 रूपए गायब हो गए। सात जुलाई को उतिम की पत्नी ने बैंक में शिकायत करते हुए साइबर थाने में मामला दर्ज कराया। बैंक ने अपनी सफाई में कहा कि अमेजन के नाम पर उसके खाते से पैसे कट गए हैं, जबकि उतिम का कहना है कि उसने किसी तरह की खरीदारी अमेजन से नहीं की है। घटना से एक दिन पहले शनिवार को आधार कार्ड से संबंधित मैसेज आया था। साइबर अपराध की घटनाएं लगातार देखने के कारण उसने सारे मैसेज डिलिट कर दिए थे। बावजूद ऐसी घटना होना समझ से परे है।
शनिवार रामगढ में उतिम ने अपनी पीड़ा सुनाई। कहा कि 2026 में भांजी की शादी करने के लिए मजदूरी कर पैसे जमा कर रहा था। उसकी बहन काफी गरीब है। घर में पैसे सुरक्षित नहीं रहने के कारण बैंक में जमा किए थे। बावजूद उल्टा पड़ गया। बैंक से जब कार्रवाई की गुहार लगाते हैं तो साइबर थाना भेज दिया जाता है। साइबर थाना से बताया जाता है कि बैंक में पूरी जानकारी है, वहां से कुछ हो सकता है। ऐसे में बैंक और साइबर थाना के बीच पिसकर रह जा रहे हैं। उसे न्याय कब मिलेगा?
