अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर बढ़ी बात, अगले सप्ताह वार्ता होने की उम्मीद

Business

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारत और अमेरिका के बीच होने वाले प्रस्तावित व्यापार समझौते के अगले चरण की बातचीत के लिए अमेरिकी अधिकारियों की एक टीम जून के पहले सप्ताह में भारत का दौरा कर सकती है। अमेरिकी अधिकारियों की ये टीम भारत में वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बातचीत करेगी, ताकि 9 जुलाई के पहले अंतरिम व्यापार समझौते के प्रारूप पर परस्पर सहमति बन सके। इसके पहले भारत की ओर से मुख्य वार्ताकार और वाणिज्य मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल पिछले सप्ताह ही अपनी चार दिन की वाशिंगटन यात्रा से वापस लौटे हैं।

अपने वाशिंगटन दौरे के दौरान राजेश अग्रवाल ने प्रस्तावित समझौते के प्रारूप पर अमेरिकी अधिकारियों से विस्तृत बातचीत की थी। अंतरिम व्यापार समझौते की बातचीत को दिशा और गति प्रदान करने के लिए भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी पिछले सप्ताह वाशिंगटन के दौरे पर थे। पीयूष गोयल ने अपनी यात्रा के दौरान अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक से मुलाकात करके भारत की ओर से समझौते के क्रम में रखे जाने वाले प्रस्तावों की जानकारी दी थी। भारत और अमेरिका ने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए इस साल सितंबर से अक्टूबर तक की समय सीमा तय की है। हालांकि भारतीय पक्ष की ओर से लगातार इस बात की कोशिश की जा रही है कि अमेरिका और भारत सितंबर-अक्टूबर की समय सीमा के पहले ही अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमत हो जाएं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ पॉलिसी के तहत अमेरिका ने इस साल 2 अप्रैल को दुनिया के कई देशों के साथ ही भारत पर भी रेसिप्रोकल टैरिफ का बोझ लाद दिया था। इस पॉलिसी के तहत भारतीय सामानों पर 26 प्रतिशत का रेसिप्रोकल टैरिफ लागू किया गया था। हालांकि, बाद में 9 अप्रैल को डोनाल्ड ट्रंप ने रेसिप्रोकल टैरिफ में 90 दिन की राहत देने का ऐलान किया था। इन 90 दिनों के दौरान तमाम देशों के सामानों पर 10 प्रतिशत का टैरिफ वसूला जा रहा है।

Spread the love