अमेरिका से डिपोर्ट दो युवकों को हत्या मामले में पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने अमेरिका से डिपोर्ट होकर शनिवार की रात लौटे दो युवकों को गिफ्तार किया है। यह दोनों युवक आपस में चचेरे भाई हैं और इन पर पंजाब में हत्या का केस दर्ज है। बाद में दोनों डंकी रूट से अमेरिका गए थे। पटियाला के एसएसपी डॉक्टर नानक सिंह के अनुसार दोनों युवकों के विरुद्ध पहले से मामला दर्ज था। इनका लुआउट नोटिस भी जारी हो चुका है। पकड़े गए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तार दोनों भाइयों की पहचान संदीप और प्रदीप के रूप में हुई है। यह पटियाला में राजपुरा के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार पटियाला के राजपुरा सिटी थाने में 25 जून 2023 को दर्ज एफआईआर के मुताबिक शिकायतकर्ता हरमनजोत ने बताया थाकि दाना मंडी के करीब उनकी रेहड़ी लगती है। वहां 25 जून की रात हसमुख सिंह उनकी रेहड़ी पर आया, जिसके साथ उसका झगड़ा हो गया। उसने अपने दोस्तों संदीप सिंह उर्फ सनी और प्रदीप सिंह को बुला लिया। इन आरोपियों ने शिकायतकर्ता हरमनजोत के भाई सचंदर सिंह और फूफा सरवन सिंह पर हमला कर दिया था। इस हमले में सरवन सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद दोनों आरोपी डंकी रुट से अमेरिका फरार हो गए। अब उन्हें डिपोर्ट किये जाने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

शनिवार देर रात अप्रवासी भारतीयों को लेकर अमेरिकी विमान अमृतसर पहुंचा था

इससे पहले अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासी भारतीयों को लेकर शनिवार देर रात अमेरिकी सेना का दूसरा विमान अमृतसर पहुंचा था। भारतीयों के दूसरे दल की वापसी को लेकर किसी ने आधिकारिक जानकारी नहीं दी है लेकिन बताया जा रहा है कि इस विमान से 116 भारतीय नागरिक अपने देश वापस लौटे हैं। अमेरिकी सेना का विमान शनिवार रात 11.40 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। इसके बाद करीब तीन घंटे तक कागजी कार्यवाही की गई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पिछले दो दिनों से अमृतसर में हैं और पंजाब सरकार द्वारा अमेरिका से आने वाले भारतीयों के स्वागत का प्रबंध किया गया था। इसके बावजूद देर रात जब जहाज अमृतसर में लैंड हुआ तो मुख्यमंत्री भगवंत मान की बजाए पंजाब के एनआरआई मंत्री कुलदीप धालीवाल, कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ यहां मौजूद थे। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी शनिवार रात यहां पहुंचे थे लेकिन वापस चले गए। गैर सरकारी सूत्रों के अनुसार निर्वासित लोगों में पंजाब से 65, हरियाणा से 33, गुजरात से 8, उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से 2-2 और हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। अमेरिका तीसरे बैच में अवैध अप्रवासी भारतीयों को रविवार को अमृतसर भेजेगा।

Spread the love