अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में कांग्रेस की मानव श्रृंखला और आमसभा की तैयारियां जोरों पर

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल को रांची के डोरंडा स्थित अंबेडकर चौक से राजेन्द्र चौक तक मानव श्रृंखला और आमसभा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बता दें कि भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकारों में एक बाबासाहब की आगामी जयंती मनाने को लेकर सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हुए हैं।

इसी कड़ी में कांग्रेस के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शनिवार को ग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के साथ विधायक भूषण बाड़ा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता, अजयनाथ शाहदेव, रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ कुमार राजा, रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष डॉ राकेश किरण महतो ने समीक्षा की। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि यह आयोजन संविधान की मूल भावना को बचाने और बाबासाहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निरंतर हमारे संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। ऐसे समय में हर कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह संविधान की रक्षा में पूरी ताक़त से खड़ा हो।

Spread the love