Eksandeshlive Desk
कोलकाता : अनिल कुमार जैन ने 9 अप्रैल को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया। पूर्व महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा 31 अप्रैल को सेवा निवृत्त हो गए। इसके पश्चात सौमित्र मजूमदार, अपर महाप्रबंधक/दक्षिण पूर्व रेलवे ने 1 अप्रैल से 9 अप्रैल तक अंतरिम व्यवस्था के रूप में महाप्रबंधक का कार्यभार संभाला। दक्षिण पूर्व रेलवे में महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व अनिल कुमार जैन उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर में प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता के पद पर कार्यरत थे।
जैन भारतीय रेलवे विद्युत अभियंता सेवा (IRSEE) के 1990 बैच के अधिकारी हैं और उन्होंने 1991 में भारतीय रेल में सेवा प्रारंभ की। उन्होंने 11 अगस्त 2021 से 21 जुलाई 2023 तक पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल में मंडल रेल प्रबंधक के रूप में कार्य किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने भारतीय रेल के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें उत्तर पश्चिम रेलवे में मुख्य विद्युत अभियंता (योजना), दक्षिण पश्चिम रेलवे में प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, बनारस लोकोमोटिव वर्क्स में मुख्य डिजाइन अभियंता (विद्युत), रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (RITES) में महाप्रबंधक आदि शामिल हैं। जैन ने विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन से बी.टेक की डिग्री प्राप्त की तथा आईआईटी दिल्ली से स्वर्ण पदक के साथ एम.टेक किया। उन्होंने मणिपाल विश्वविद्यालय से एमबीए भी किया है। उन्होंने जापान में हेवी हॉल ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्राप्त किया है तथा विश्वसनीयता अभियांत्रिकी (Reliability Engineering) में भी प्रशिक्षित हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की एक परियोजना हेतु रोलिंग स्टॉक के डिजाइन के अंतिम रूप के लिए दक्षिण कोरिया और जापान का दौरा भी किया है।
