News by Mukesh & Edit Sunil
बालूमाथ । बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित सीसीएल कार्यालय के समीप ट्रैक्टर और बाईक कि टक्कर हो जाने से और उसके चपेट में आने से इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा देकर वापस घर लौट रही एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सुमन कुमारी 20 वर्ष पिता रमेश उरांव ग्राम बसिया थाना बालूमाथ निवासी हाई स्कूल से इंटर प्रैक्टिकल की परीक्षा देकर अपने भाई कुलदीप उरांव के साथ बाइक पर बैठकर घर जा रही थी।
इसी दौरान सीसीएल की तेतरियाखांड़ परियोजना कार्यालय के समीप एक ट्रैक्टर जेएच08एच9900 ने अनियंत्रित होकर टक्कर मार दिया, जिसमें ट्रैक्टर के चक्के से दबकर छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से युवती को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर अशोक कुमार ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना पाकर बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची और टक्कर मारने वाले ड्राइवर दीपक यादव पिता विरेन्द्र यादव पंडरिया सीरम के रहने वाले को घटना स्थल से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तथा अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर बालूमाथ थाना ले आई है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर बीरेंद्र यादव ग्राम पंडरिया सीरम थाना बालूमाथ निवासी का बताया जाता है, जो बालूमाथ के देवनद नदी से बालू लेकर बालूमाथ की ओर आ रहा था। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से मुआवजा और नौकरी की मांगों को लेकर बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित मुरपा मोड़ चौक स्थित एनएच 22 रांची चतरा मुख्य मार्ग को शव के साथ जाम कर दिया। जाम को देखते हुए स्वयं बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार दलबल के साथ जामकर्ताओं से बातचीत करते हुए नजर आये।
