Eksandeshlive Desk
गुमला : नशा के खिलाफ चला जा रहे अभियान के क्रम में गुमला पुलिस काे बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने पालकोट थाना क्षेत्र के दतली पुल के पास दो वाहनों से एक क्विंटल 32 किलाेग्राम गांजा बरामद किया। वहीं चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को भी रंगे हाथ पकड़ा गया। एसपी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी में अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है, जो ओडिशा से गांजा लाकर गुमला सहित राज्य के अन्य जिलों में सप्लाई करते हैं। पुलिस की इन पर पैनी नजर है। उन्हाेंने बताया कि नशा के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
इस संबंध में गुमला के पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने बताया कि 18 जनवरी को यह गुप्त सूचना मिली कि स्कार्पियो और हुंडई कार से ओडिशा भाया सिमडेगा के रास्ते बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ गांजा की तस्करी की जा रही है। उनके निर्देश पर बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाजिर अख्तर और पालकोट के थाना प्रभारी तरूण कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने दतली डैम के पास जंगल में चेकिंग अभियान शुरु की। चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोका गया तथा बारी-बारी से दोनो वाहनों की तलाशी ली गई। दोनो गाड़ियों से 132 किलो गांजा बरामद किया गया। दोनों वाहन में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आराेपियों में गुमला थाना निवासी अमित साहु, प्रदीप गोप, शिव कुमार साहु और कुलदीप प्रसाद साहू शामिल है।
