Ashutosh Jha
काठमांडू : नेपाल भारत सहयोग मंच की हाल ही में बीरगंज में संपन्न वार्षिक साधारण सभा की बैठक के बाद अशोक कुमार बैद लगातार तीसरी बार आगामी कार्यकाल के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। नेपाल भारत सहयोग मंच विगत 27 वर्षों से नेपाल और भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में जनस्तर के संबंधों को निरंतर प्रगाढ बनाने का अति महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। नेपाल-भारत के सीमावर्ती शहर रक्सौल और बीरगंज व दोनों देशों के सीमावर्ती जिलों में मधुर संबंध स्थापित करने में मंच का उल्लेखनीय योगदान है। बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, पूर्णिया, जोगबनी क्षेत्र के काफी लोगों का नेपाल भारत सहयोग मंच से काफी जुड़ाव है। नेपाल के पर्सा, बारा, रौतहट, धनुषा जिलों सहित अन्य क्षेत्र के बुद्धिजीवि, उद्योगपति, प्राध्यापक व अन्य शिक्षित वर्ग के लोग इस मंच की गतिविधियों में शामिल होते रहे हैं।
नेपाल भारत सहयोग मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार बैद व्यापार के अतिरिक्त सामाजिक कार्यों में काफी लंबे समय से अति सक्रिय हैं। वे नेपाल के प्रमुख उद्योगपति भी हैं। बैद बीरगंज महानगरपालिका के सद्भावना दूत के रूप में भी भारत -नेपाल के धार्मिक गतिविधियों में अपनी खास दखल रखते आए हैं। भारत-नेपाल के अन्तरसरकारी बैठकों में भी उनकी भागीदारी रहती आई है। नेपाल भारत सहयोग मंच द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी सहित अन्य साझे आयोजनों में इनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। भारत और नेपाल के सीमावर्ती जिलों में इन्होने नेपाल-भारत सहयोग मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में प्रमुख बैठकों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। भारत के कई जिलो में भी अशोक कुमार बैद को दोनो राष्ट्रों के मैत्रीपूर्ण संबंध, संबंध विस्तार और प्रगाढ़ बनाने के लिए सम्मानित किया जा चुका है। दिल्ली, मुंबई, जयपुर, सहित अन्य कई महानगरों की सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थानों में भी इन्हें दर्जनों बार कई पुरस्कार मिल चुके हैं। बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष के रूप में बैद ने बीरगंज को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में पर्यटकों को उल्लेखनीय रूप से अपने स्तर से आकर्षित करने का कार्य किया है। भारत के सीमावर्ती शहर रक्सौल में एयरपोर्ट के निर्माण कार्य के लिए इनकी भूमिका न सिर्फ सराहनीग है बल्कि हर स्तर पर उल्लेखनीय भी है। नेपाल के कई प्रधानमंत्रियों के साथ भारत सहित अन्य कई देशों में बैद व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में सम्मिलित रहे। नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने नेपाल के उद्योग जगत में विशिष्ट स्थान बनाने के लिए पुरस्कृत करते हुए बड़ा पदक भी प्रदान किया है।