असम में बाढ़ से 22 जिले प्रभावित, ब्रह्मपुत्र समेत 15 नदियां खतरे के निशान से ऊपर

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

गुवाहाटी : लगातार बारिश से असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ब्रह्मपुत्र (निमातीघाट, तेजपुर), सुबनसिरी (बड़ाटीघाट), बुरीदिहिंग, धनसिरी (नुमलीगढ़), कपिली (कामपुर, धरमटुल), बराक (छोटा बेकरा, फुलेर्टल, एपी घाट, बीपी घाट), रुकनी (धोलाई), धलेस्वरी (घरमुरा), कटाखाल (मातिजुरी) और कुशियारा (श्रीभूमि) नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।बाढ़ से 22 जिले प्रभावित हैं, जिनमें लखीमपुर, नगांव, कछार, डिब्रूगढ़, माजुली, तिनसुकिया, शिवसागर, दरंग, गोलाघाट, कामरूप, मोरीगांव, होजाई, हैलाकांदी, धेमाजी, जोरहाट, शोणितपुर, बिस्वनाथ, कामरूप (एम), कार्बी आंगलोंग, कार्बी आंगलोंग वेस्ट, डिमा हसाओ और श्रीभूमि जिले शामिल हैं। अब तक 1254 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। 5,15,039 लोग प्रभावित हुए हैं। 12,610.27 हेक्टेयर फसल क्षतिग्रस्त हुई है। 65 राजस्व सर्कल प्रभावित हैं। 165 राहत शिविर और 157 राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं। 31,212 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं जबकि 1,54,177 लोग गैर-शिविर राहत केंद्रों से सहायता ले रहे हैं। होजाई में एक पुरुष की मौत की पुष्टि हुई है। हैलाकांदी और दिब्रूगढ़ से एक-एक पुरुष लापता हैं। कुल 4,67,851 पशु प्रभावित हैं जिसमें 1,56,253 बड़े, 1,06,216 छोटे और 2,05,382 पोल्ट्री। गोलाघाट में 2 बड़े पशु और लखीमपुर में 92 (65 बड़े, 27 छोटे) पशु बह गए। लखीमपुर में 84 कच्चे मकान पूरी तरह और 43 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत व बचाव कार्यों में एसडीआरएफ, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, इनलैंड वॉटर ट्रांसपोर्ट, स्थानीय प्रशासन व लोग शामिल हैं। 122 मेडिकल टीमें और 50 नावें तैनात की गई हैं। नावों से 711 लोगों और 130 पशुओं को सुरक्षित निकाला गया है।

पीएम ने सीएम को फोन कर असम की बाढ़ का जाना हाल, मदद का दिया भरोसा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा को फोन कर असम में आई बाढ़ को लेकर बातचीत की। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने मंगलवार काे सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि कुछ समय पहले, प्रधानमंत्री ने असम में बाढ़ की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए मुझे फोन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि, मैंने उन्हें बताया कि किस तरह असम और आस-पास के राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ आई है और इससे कई लोगों की जान पर असर पड़ा है। मैंने उन्हें राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत अभियान के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने चिंता व्यक्त की और हमारे राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। कहा है कि असम के लोगों के लिए उनके मार्गदर्शन और अटूट समर्थन के लिए मैं आभारी हूं। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह बराक घाटी के कछार जिले में आई बाढ़ का जायजा लेने के लिए पहुंचे हैं। वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री सोमवार को उपरी असम के लखीमपुर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर प्रभावितों को सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।

Spread the love