अटल की 100वीं जयंती को शताब्दी वर्ष के रूप में मनाएगी प्रदेश भाजपा : आदित्य साहू

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : प्रदेश भाजपा अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती वर्षगांठ को शताब्दी वर्ष के रूप में मनाएगी। ये बातें भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू ने मंगलवार को कही। साहू ने प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को झारखंड की जनता युगों तक याद रखेगी। झारखंड अलग राज्य भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ही देन है। उन्होंने कहा कि अटल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि प्रखर वक्ता और कवि थे, जिनकी कविताएं जन-जन को प्रेरित करती हैं। साथ ही कहा कि राजनीति के क्षितिज में वे सदैव अजात शत्रु बने रहे। विपक्षियों ने भी उनके संबोधन को हमेशा ध्यान से सुना।

साहू ने कहा कि अटल बिहारी जनसंघ और भाजपा के संस्थापक रहे। उन्होंने अथक परिश्रम से एक विशाल संगठन खड़ा किया। उन्होंने कहा कि अटल ने गांव, गरीब, किसान और पिछड़ा सभी को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत रहे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों को मुख्यधारा से जोड़ा। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, सर्वशिक्षा अभियान और पोखरण परीक्षण जैसे अनेक कल्याणकारी और ऐतिहासिक कार्यों से नई पीढ़ी को परिचित कराने के लिए भाजपा शताब्दी वर्ष में कार्यक्रम करेगी। साहू ने कहा कि कल 25 दिसंबर को राज्य के सभी बूथों पर अटल बिहारी के चित्र पर कार्यकर्ता पुष्पांजलि करते हुए उनको याद करेंगे। सभी जिलों में संगोष्ठी का आयोजन होगा। साथ ही अटल के साथ कार्य करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से उनके अनुभव भी सुने जाएंगे। प्रदेश कार्यालय में अटल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी करेंगे।

Spread the love