बाइक सवाराें ने किसान पर की फायरिंग, हालत गंभीर

Crime

Eksandeshlive Desk

रांची : रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र के पिस्का नगड़ी के साहेर गांव में रविवार को हुई फायरिंग में एक किसान राजकुमार महतो घायल हो गए। राजकुमार महतो को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल कर रही है। फायरिंग का आरोप राजकुमार ने अपने चचेरे भाई पर लगाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, किसान राजकुमार महतो रविवार खेत में सब्जी तोड़ रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने उनपर गोली चला दी और भागने लगे। किसान को गोली मारके जब अपराधी भाग रहे थे, तब एक बाइक स्टार्ट नहीं हुई। अपराधी ने खराब बाइक को घटनास्थल पर ही छोड़ कर एक ही बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाइक किसकी है। थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि अपराधियों ने किसान पर तीन गोली चलाई, जिसमें से एक गोली किसान राजकुमार महतो के पेट में लगी है। रिम्स में उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस घटना में शामिल होने के संदेह में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

Spread the love