बालेन्द्र शाह ने ली नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ, भारत के प्रधानमंत्री ने दी बधाई

INTERNATIONAL

Ashutosh Jha

काठमांडू : बालेन्द्र शाह ने नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति आवास में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें शपथ दिलाई। उन्होंने पूर्वनिर्धारित समय 27 मार्च को 12:34 बजे पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस बार शपथ ग्रहण समारोह का स्वरूप कुछ अलग था। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सात शंख बजाए गए। इसी प्रकार, 108 लोगों ने बटुक से स्वास्ति शांति का पाठ किया और 16 बौद्ध भिक्षुओं ने अष्टमंगल का पाठ किया।शपथ ग्रहण समारोह में पांच पूर्व प्रधानमंत्रियों ने भाग लिया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से बालेंद्र शाह को नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक साथ मिलकर काम करने के लिए भी उत्सुकता जाहिर की : शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों पुष्प कमल दहल, झालनाथ खनाल, माधव कुमार नेपाल, बाबूराम भट्टराई और मंत्रिपरिषद के अध्यक्ष खिलराज रेगमी उपस्थित थे। पूर्व प्रधानमंत्री और यूएमएल अध्यक्ष केपी शर्मा ओली उपस्थित नहीं थे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से बालेन्द्र शाह को नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने साथ में यह भी कहा कि उनकी नियुक्ति नेपाल की जनता द्वारा उनके नेतृत्व पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-नेपाल मित्रता और सहयोग को दोनों देशों की जनता के पारस्परिक लाभ के लिए नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक साथ मिलकर काम करने के लिए भी उत्सुकता जाहिर की। साथ ही भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी नेपाल के विदेश मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर शिसिर खनाल को हार्दिक शुभकामनाएं दी और साथ ही यह भी कहा कि वह भारत और नेपाल की पारंपरिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।

Spread the love