Reporting by Washim Ahmad
लातेहार : मूरपा रोड से लेकर ओवरब्रिज तक का इलाका इन दिनों विकास नहीं बल्कि भयानक प्रदूषण की मिसाल बन चुका है। सड़क निर्माण में लगी कंपनी की घोर लापरवाही और प्रशासन की चुप्पी ने पूरे क्षेत्र को धूल के नरक में तब्दील कर दिया है। इस गंभीर मामले को लेकर कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष ने जोरदार हमला बोला है। मुरपा रोड आज सड़क नहीं, बल्कि धूल उड़ाने की फैक्ट्री बन चुकी है। नियमों के अनुसार पानी का छिड़काव अनिवार्य है, लेकिन रोड कंपनी बेखौफ होकर नियमों की लाश पर खड़ी है। जनता की सेहत से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हालात इतने भयावह हैं कि लोग ठीक से सांस नहीं ले पा रहे, बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ रही है,आंखों में जलन, खांसी और सांस की बीमारी आम हो गई है। इसके बावजूद न रोड कंपनी सुध ले रही है और न प्रशासन जाग रहा है। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अमिर हायत ने तीखे शब्दों में कहा यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य के साथ अपराध है। अगर किसी नागरिक की जान गई तो इसकी सीधी जिम्मेदारी रोड कंपनी और प्रशासन की होगी। कांग्रेस ने स्पष्ट मांग की है कि तत्काल प्रभाव से पानी का नियमित छिड़काव शुरू किया जाए, प्रदूषण फैलाने वाली कंपनी पर सख्त कार्रवाई हो, और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी जवाबदेही तय की जाए। अंत में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। जरूरत पड़ी तो मुरपा रोड से ओवरब्रिज तक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
