Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला स्थित जगदीश चंद्र हाई स्कूल के आशा ऑडिटोरियम में रविवार को झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति द्वारा बिजया सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में झारखंड में वर्षों से निवास कर रहे बंगाली भाषी समुदाय के अधिकारों और उनकी सांस्कृतिक पहचान के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन का उद्देश्य घाटशिला उपचुनाव के दौरान बंगाली समुदाय की एकता और लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। सम्मेलन में समिति के सचिव राजेश राय, देवी शंकर दत्त, काबू दत्ता, तापस चटर्जी, साधु चरण पाल, कंचन कर, राजू चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि चुनाव के समय बंगाली भाषा और संस्कृति के हित में कार्य करने वाले प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी जाएगी। वक्ताओं ने बताया कि बंगाली समुदाय वर्षों से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है, और यह सम्मेलन सभी को एकजुट होकर मतदान के माध्यम से अपनी एकता दिखाने के लिए प्रेरित करेगा।
