बांग्लादेश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त केएम नूरुल हुदा गिरफ्तार

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

ढाका : बांग्लादेश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त केएम नूरुल हुदा को रविवार शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 2018 के चुनाव में अनियमितता को लेकर उनके और 23 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद उत्तरा स्थित उनके आवास पर भीड़ ने हमला किया। द डेली स्टार की खबर के अनुसार, चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि यह शायद पहली बार है जब किसी पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त को चुनाव से जुड़े मुद्दों पर गिरफ्तार किया गया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (उत्तरा डिवीजन) मोहिदुल इस्लाम ने कहा कि उत्तरा पश्चिम पुलिस स्टेशन की एक टीम ने शाम करीब 7:30 बजे हुदा की गिरफ्तारी की।

मोहिदुल इस्लाम ने कहा कि हुदा को दर्ज मामले में पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था और उनकी सुरक्षा के लिए उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हुदा को सफेद टी-शर्ट और लुंगी पहने हुए दिखाया गया है। उनके गले में जूतों की माला है। उन्हें अज्ञात व्यक्तियों के एक समूह ने घेर रखा है। एक जगह पर, एक दाढ़ी वाला आदमी हुदा के चेहरे पर दो बार जूते से वार करता है। आस-पास मौजूद अन्य लोग हमले को रोकने का प्रयास करते दिखाई देते हैं। इस घटना के दौरान कुछ लोगों ने नारे लगाए- “रोनी भाई भोय नै, राजपथ चारी नै (डरो मत, रोनी भाई, हमने सड़कें नहीं छोड़ी हैं)।” इसके कुछ सेकंड बाद एक पुलिसकर्मी ने हुदा का बायां हाथ पकड़ा और उन्हें ले गया। हुदा पर हमले के बारे में पूछे जाने पर, डिप्टी कमिश्नर मोहिदुल ने कहा, “मुझे मामले की जानकारी नहीं है।” वीडियो के बारे में और पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मैंने वीडियो नहीं देखा है।”

जातीयतावादी स्वैच्छिक दल के संगठन सचिव नजमुल हसन ने बताया कि जिस व्यक्ति ने हुदा को जूता मारा, वह सिर्फ वार्ड स्तर पर संगठन का समर्थक है। वह किसी पद पर नहीं है। हसन ने कहा कि हुदा बांग्लादेश की मतदान प्रणाली को बर्बाद करने के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार हैं। उन्होंने फासीवादियों को सत्ता में बने रहने में भी मदद की। इसलिए उन्हें मुकदमे का सामना करना चाहिए। सनद रहे, कल दोपहर, बीएनपी ने हुदा, अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना, 10 चुनाव आयुक्तों और 10 अन्य लोगों सहित तीन पूर्व सीईसी के खिलाफ शेर-ए-बांग्ला नगर पुलिस स्टेशन में चुनाव अनियमितताओं को लेकर मामला दर्ज कराया है। दो अन्य पूर्व सीईसी काजी रकीबुद्दीन अहमद और काजी हबीबुल अवल हैं।

Spread the love