बांग्लादेश में मतदान के दौरान खुलना पोलिंग सेंटर पर झड़प, बीएनपी नेता की मौत

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

ढाका : बांग्लादेश में गुरुवार को संसदीय चुनाव और राष्ट्रीय जनमत संग्रह के लिए हो रहे मतदान के दौरान खुलना-2 निर्वाचन क्षेत्र के एक पोलिंग सेंटर पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और जमात-ए-इस्लामी के समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प में खूनखराबा हुआ। इस हिंसा में खुलना मेट्रोपॉलिटन बीएनपी के पूर्व नेता की मौत हो गई। चुनाव और पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार इस हिंसा में खुलना मेट्रोपॉलिटन बीएनपी के पूर्व ऑफिस सेक्रेटरी 62 वर्षीय महिफुज्जमां कोच्चि की जान चली गई। सुबह करीब 7:30 बजे आलिया मदरसा एकेडमिक भवन पोलिंग सेंटर के बाहर हुई झड़प के बाद उन्हें खुलना सिटी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि एक जांच कमेटी बनाई गई है और घटना के हालात का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक सुबह आलिया मदरसा सेंटर पर बीएनपी और जमात समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया। मेट्रोपॉलिटन बीएनपी के पूर्व डिप्टी ऑफिस सेक्रेटरी शमसुज्जमां चंचल ने आरोप लगाया कि मतदान शुरू होने पर मतदान केंद्र के अंदर जमात के पक्ष में प्रचार किया जा रहा था। कोच्चि ने विरोध करने पर हंगामा हो गया और वह झड़प के दौरान गिर गए। चंचल ने दावा किया कि गिरने के बाद कोच्चि को हार्ट अटैक आया। खुलना सदर थाना प्रभारी कबीर हुसैन ने पुष्टि की कि मतदान केंद्र के भीतर हाथापाई हुई। मतदान केंद्र में मौजूद सब इंस्पेक्टरखान फैसल रफी ने कहा कि तनाव बढ़ते ही पुलिस ने दखल दिया और दोनों पक्षों को अलग किया। खुलना सिटी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. पार्थ रॉय ने कहा कि कोच्चि को मृत अवस्था में लाया गया। खुलना-2 से बीएनपी उम्मीदवार नजरुल इस्लाम मंजू ने दावा किया कि जमात नेताओं ने कोच्चि की हत्या कर दी। उन्होंने मदरसे के प्रिंसिपल सहित दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। बीएनपी नेता यूसुफ हारुन मजनू ने आरोप लगाया कि आलिया मदरसे के प्रिंसिपल डॉ. मोहम्मद अब्दुर रहीम मतदान केंद्र के भीतर जमात के पक्ष में वोट डालने के लिए कह रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने कोच्चि को धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गए और उनके सिर में चोट लगी।

जमात सेंटर के निदेशक महबूबुर रहमान ने कहा कि बीएनपी समर्थक जमात की महिला कार्यकर्ताओं को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने बीच-बचाव किया। किसी को भी धक्का नहीं दिया गया। खुलना-2 से जमात के उम्मीदवार शेख जहांगीर हुसैन हेलाल ने कहा कि घटना दुखद है। कोच्चि मतदाताओं के साथ बहस के दौरान गुस्सा होने के बाद गिर गए। उन्होंने कहा कि मदरसे के प्रिंसिपल का जमात से कोई लेना-देना नहीं है। प्रिंसिपल डॉ. मोहम्मद अब्दुर रहीम ने कहा कि वह दूसरे केंद्र पर वोट डालने के बाद उस इलाके में गए और उन्होंने हंगामा देखा। उन्होंने कहा, “मैंने सभी को जाने के लिए कहा। मैंने किसी को धक्का नहीं दिया।” खुलना मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारी शाहिदुल इस्लाम ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर शिकायत दर्ज कराई जाती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love