बांग्लादेश में सरकारी कर्मचारियों का प्रदर्शन, पुलिस का लाठीचार्ज, आंसू गैस छोड़ी

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

ढाका : बांग्लादेश के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों ने नौवें राष्ट्रीय वेतनमान की घोषणा न होने खिलाफ अंतरिम सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इन लोगों ने शुक्रवार को सरकार के मुख्य सलाहकार के सरकारी आवास जमुना के सामने विरोध प्रदर्शन किया। ढाका ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार शाहबाग में पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए प्रदर्शनकारी सुबह करीब 11:30 बजे जमुना की ओर मार्च करने लगे और आवास के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। पुलिस उपायुक्त (रमना डिवीजन) मसूद आलम ने कहा, ”हम सतर्क हैं, ताकि कानून-व्यवस्था खराब न हो। हम प्रदर्शनकारियों से बात कर रहे हैं, ताकि वे कहीं और चले जाएं।”

इससे पहले, देशभर से राजधानी ढाका पहुंचे प्रदर्शनकारी शहीद मीनार पर इकट्ठा हुए और सुबह करीब 11 बजे सरकार के मुख्य सलाहकार के आवास जमुना की ओर बढ़े। शाहबाग में उन्हें पुलिस के विरोध का सामना करना पड़ा। जमुना में पुलिस ने उन्हें फिर से हटाने की कोशिश की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की। प्रदर्शनकारियों ने जमुना के सामने हटने से इनकार कर दिया। तब पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उन पर आंसू गैस के गोले दागे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मौजूदा सरकार को नया वेतनमान फौरन घोषित करना चाहिए। वेतन आयोग अपनी पूरी रिपोर्ट जमा कर चुका है और इसे गजट अधिसूचना के माध्यम से लागू किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक निर्वाचित सरकार के सत्ता में आने के बाद इसे लागू करने में देरी हो सकती है।

Spread the love