Mustafa Ansari
रांची : बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बच्चा चोरी मामले का महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने बच्चे के साथ एक महिला व पुरुष चोर को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चे को चुराकर बेचने का योजना बनाया जा रहा था,परंतु प्रशासन ने उससे पहले ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेवरी के करम टांड़ स्थित दिलबहार महतो के किराए के मकान से गुड़िया कुमारी पति बबलू पंडित का 4 वर्षीय बच्चा,बीते गुरुवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक गायब हो जाने की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी थी।
वहीं बच्चा चोरी शिकायत के मद्देनजर मेसरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी योजना के साथ छापामारी कर घटना के महज कुछ ही घंटों बाद नेवरी गोलंबर चौक स्थित टोएटा शोरूम के पास से बच्चे के साथ उक्त महिला एवं पुरुष चोर को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों ओरमांझी थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पकड़ी गई महिला से पूछताछ करने के बाद पता चला कि वह चंद्रा पंचायत के मायापुर गांव निवासी कुंदन ठाकुर के 30 वर्षीय पत्नी अनीता देवी है। जो वर्तमान में विकास बाजार टांड़ के पास रहती है। वहीं पुरुष टोएटा शोरूम का सफाई कर्मी दड़दाग गांव निवासी 45 वर्षीय जगत पाल करमाली है। बाद में नेवरी मुखिया साधो उरांव व पंसस संदीप पाहन की मौजुदगी में बच्चे को सौंपा गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर गुड़ीया कुमारी के परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस को ‘भगवान का दूसरा रूप’ बताया और दिल से आभार व्यक्त किया।
